दुनुवा-मलेथा मोटर मार्ग पर बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। दुनुवा गांव से कुछ दूरी पर तीव्र मोड़ (बैंड) पर एक कार अनियंत्रित होकर ऊपरी सड़क से पलटकर निचली सड़क पर आ गिरी। हादसे में कार चालक 25 वर्षीय दुनुवा गांव निवासी जगमोहन की मौत हो गई। युवा बेटे की असमय मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर है।
जगमोहन बुधवार सुबह करीब छह बजे कार से पुरोड़ी जा रहे थे। गांव से कुछ ही आगे निकलने पर खतरनाक मोड़ काटते समय कार से उनका नियंत्रण अचानक छूट गया। वाहन तेजी से पलटते हुए निचली सड़क पर जा गिरा। हादसे की जोरदार आवाज सुनकर ग्राम प्रधान रिंकू सिंह सहित आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने भारी मशक्कत के बाद गंभीर रूप से घायल जगमोहन को क्षतिग्रस्त कार से बाहर निकाला और तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र साहिया पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी सांसें थम चुकी थीं। चिकित्सकों ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए।
दो मासूमों के सिर से उठा पिता का साया
जगमोहन की मौत से उनका हंसता-खेलता परिवार एक ही पल में उजड़ गया। वह परिवार में सबसे छोटे बेटे थे और घर की आर्थिक जिम्मेदारियों का मुख्य सहारा थे। परिजनों ने बताया कि वह बुधवार सुबह बिना भोजन किए ही यह कहकर घर से निकले थे कि पुरोड़ी में ठेकेदार के साथ पेटी निर्माण कार्य पर मजदूरी करने जा रहे हैं और शाम तक लौट आएंगे। हादसे के बाद बुजुर्ग मां गेंदो देवी और पत्नी अमीका का रो-रोकर बुरा हाल है, उन्हें बार-बार बेहोशी आ रही है। जगमोहन अपने पीछे तीन वर्ष और एक वर्ष के दो मासूम बच्चों को छोड़ गए, जिनके सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया है। दुनुवा गांव के ग्रामीणों ने बताया कि जगमोहन बेहद मिलनसार और मेहनती युवक था।
दुर्घटना के समय कार में चालक अकेला ही सवार था। सूचना मिलते ही राजस्व पुलिस की टीम मौके और अस्पताल पहुंच गई थी। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया और पोस्टमार्टम पूरा करने के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। हादसे के कारणों की गहनता से जांच की जा रही है। - राजेंद्र लाल, राजस्व निरीक्षक