मसूरी-धनोल्टी मार्ग पर बुधवार रात मंकी बैंड के समीप एक कार करीब 200 मीटर गहरी खाई में गिर गई। कार में सवार लोगों में से एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। रात में अंधेरा होने के कारण घायलों को गहरी खाई से निकालने में पुलिस और आईटीबीपी के जवानों कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। मृतक की अभी शिनाख्त नहीं हो सकी है।
एसएसआई बीएल भारती ने बताया कि बुधवार रात करीब तीन बजे कार के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली थी, जिस पर वह पुलिस और दमकलकर्मियों की टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। वाहन करीब 200 मीटर गहरी खाई में गिरा हुआ था। अंधेरा होने के कारण घायलों को तलाश करने में कठिनाई हो रही थी, जिसके लिए उन्होंने आईटीबीपी से मदद मांगी। कुछ ही देर में आईटीबीपी के जवान घटनास्थल पर पहुंच गए। इसके तुरंत बाद ही आईटीबीपी के डिप्टी कमांडेंट कमल मेहरा और फायर सर्विस के इंचार्ज अरविंद नौटियाल के नेतृत्व में पुलिस और आईटीबीपी के जवानों ने रेस्क्यू शुरू किया।
अंधेरा होने के कारण घायलों को खोजने में दिक्कतें हो रहीं थीं। काफी मशक्कत के बाद घायलों को ऊपर लाया गया। तब तक उनमें से एक की मौत हो चुकी थी। उसकी अभी शिनाख्त नहीं हो पाई है। जबकि चालक जीतेंद्र शाह (24) पुत्र मक्खन लाल शाह निवासी ग्राम भडकोट सट्यालिधार जिला उत्तरकाशी और बंका सिंह (43) पुत्र महिंद्र सिंह निवासी गुलाहर, पटियाला, पंजाब गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें सेंट मैरिज अस्पताल पहुंचाया गया। जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर देहरादून रेफर किया गया।
कार से मिला 62 किलो डोडा पोस्त
हादसे के बाद मृतक की शिनाख्त के लिए किसी कागजात की तलाश में पुलिस जब सुबह दोबारा घटनास्थल पहुंची तो दुर्घटनाग्रस्त कार से भारी मात्रा में प्रतिबंधित मादक पदार्थ डोडा पोस्त मिला। बृहस्पतिवार सुबह एसएसआई बीएल भारती के नेतृत्व में घटनास्थल का जायजा लिया गया। इस दौरान दुर्घटनाग्रस्त कार से पांच बोरों में करीब 62 किलो डोडा पोस्ट बरामद किया गया। पुलिस ने डोडा पोस्त को कब्जे में ले लिया। साथ ही एसडीएम मीनाक्षी पटवाल को मामले की जानकारी दी। इस एसडीएम ने नायब तहसीलदार जसपाल सिंह राणा को घटनास्थल पर भेजा। एसएसआई ने बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत हो रहा है कि कार में सवार तीनों लोग नशीले पदार्थों की तस्करी में लिप्त हैं।