यमुनोत्री हाईवे पर डामटा रिखाऊंखड्ड के पास रविवार दोपहर एक बस अनियंत्रित होकर यमुना नदी में जा गिरी थी।
हादसे में 14 लोगों की मौत हो गई और 14 लोग घायल हो गए। घायलों का रेस्क्यू करने के बाद छह गंभीर घायलों को हेलीकॉप्टर और शेष आठ को एंबुलेंस की मदद से हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। बस चालक के अनुसार बस का स्टीयरिंग रॉड टूटने के कारण हादसा हुआ।
रविवार सुबह हनुमानचट्टी से विकासनगर के लिए निकली लोकल यात्री बस दोपहर सवा बारह बजे डामटा रिखाऊंखड्ड के पास अनियंत्रित होकर करीब दो सौ मीटर नीचे यमुना नदी में जा गिरी। बस के पीछे चल रहे टैक्सी वाहन के चालक ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीमों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया।