पिथौरागढ़-घाट एनएच पर डंपर के 300 मीटर गहरी खाई में गिरने से किशोर और चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। किशोर ने जिला अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। उधर, लोहाघाट क्षेत्र के बाराकोट में जीप खाई में गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि दूसरा घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार शनिवार सुबह जमराड़ी से डंपर (यूके 05सीए1679) पिथौरागढ़ आ रहा था। चुपकोट बैंड के पास डंपर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरने से चालक (26) कैलाश सिंह पुत्र गणेश सिंह और भरत सिंह(16) गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों ने घायलों को खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचाया। ग्राम प्रधान कविता महर और ललित महर ने की सूचना पर पहुंची 108 सेवा के कर्मियों ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया।
उपचार के दौरान भरत सिंह ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया है। चालक की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। उधर, शनिवार देर शाम बाराकोट में ढटीगांव के पास रैघांव से पडासूसेरा गांव जा रही जीप बेकाबू होकर 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। गांव के लोगों ने घायल दोनों लोगों खाई से निकाल कर लोहाघाट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। इलाज के दौरान बिशन सिंह (61) पुत्र लाल सिंह ने दम तोड़ दिया।