बेटे के जन्मदिन का उत्साह पलभर में हुआ खत्म
राजकीय इंटर कॉलेज सिलपाटा के दो शिक्षकों की सड़क दुर्घटना में मौत से स्कूल के अध्यापकों, छात्र-छात्राओं और गांव में कोहराम मच गया। हादसे में मृत शिक्षक हिमांशु मैंदोला के बेटे का 17 नवंबर को जन्मदिन था और वे बेटे पास जा रहे थे। क्या पता था उनकी ये खुशियां कुछ पल में ही मातम में बदल जाएंगी।
जीआईसी सिलपाटा के शिक्षक अरविंद नारायण ने बताया कि सड़क दुघर्टना में मृत जीआईसी सिलपाटा के प्रधानाचार्य उमेद सिंह नेगी वर्ष 2017 से हिंदी में प्रवक्ता और हिमांशु मैंदोला 2007 से सामाजिक विज्ञान के सहायक अध्यापक थे। जबकि ललित बिष्ट (36) विज्ञान के सहायक अध्यापक हैं और 2019 से तैनात हैं। तीनों शिक्षकों ने सिलपाटा गांव में किराये पर कमरा लिया हुआ था। शिक्षक हिमांशु मैंदोला के बेटे (12) का 17 नवंबर को जन्मदिन था।
वह बेटे के जन्मदिन के लिए घर जा रहे थे जबकि उनके दो अन्य साथी भी अपने-अपने घर जाने के लिए उन्हीं के साथ सवार हो लिए। रास्ता एक ही होने के कारण सभी एक ही कार में चल दिए लेकिन कुछ दूर जाते ही शिक्षकों की कार खाई में जा गिरी। उन्होंने बताया कि हिमांशु मैंदोला बेटे के जन्मदिन को लेकर उत्साहित थे। उनके घर गढ़ी कैंट (देहरादून) में बेटे के जन्मदिन की तैयारी भी हो रही थी। कहा कि हिमांशु मैंदोला जीआईसी सिलपाटा में करीब 15 वर्षों से वहां अपनी सेवाएं दे रहे थे और वे विभाग से कई बार तबादला किए जाने की गुहार लगा चुके थे, लेकिन उनका तबादला नहीं हुआ। वहीं, घटना के बाद दोनों शिक्षकों के देहरादून जिले में स्थित घरों में कोहराम मचा है। उन्होंने बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल शिक्षक ललित बिष्ट की हालत ठीक है।