फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शादी से लौट रहे परिवार के लिए कोहरा बन गया काल, गर्भवती समेत 4 की मौत से परिवार में मचा कोहराम

Fri, 21 Dec 2018 11:43 AM IST
अलका त्यागी न्यूज डेस्क/अमर उजाला, देहरादून
विज्ञापन
कार हादसा
विज्ञापन

बरेली में रिश्तेदार की शादी से लौट रहे किच्छा के सास-बहू समेत एक परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। बहू गर्भवती थी। उसके  समेत दो अन्य की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी सास ने अस्पताल में दम तोड़ा।

विज्ञापन


शुक्रवार तड़के 4:30 बजे बहेड़ी बाईपास के पास हुए हादसे में एक बच्चे समेत चार लोग घायल भी हुए हैं, जिनमें से एक महिला की हालत गंभीर बनी हुई है। मौके पर पहुंची यूपी पुलिस ने घायलों को बरेली के एक अस्पताल में भर्ती कराया तथा शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बताया जा रहा है कि घने कोहरे के चलते कार के आगे चल रहे तीन ट्रक पहले एक दूसरे से टकराए और बाद में सबसे पीछे चल रहे ट्रक से उक्त परिवार की कार टकरा गई। 

किच्छा स्थित पुरानी अनाज मंडी निवासी सन्नी (27) पुत्र गौरीशंकर यहां एक स्कूल की बस चलाता है। उसका ससुराल खमरिया में है। बृहस्पतिवार रात सन्नी के ससुराल पक्ष के रिठौरा मढ़ीनाथ रोड बरेली निवासी वीरपाल के पुत्र संत कुमार की शादी थी।

बारात बरेली में बदायूं रोड स्थित चौरासी घंटा मंदिर के पास गई थी। विवाह में शिरकत करने के लिए सन्नी ने अपने दोस्त धर्मेंद्र से उसके मालिक की नई कार मांगी थी, जिसका नंबर भी अभी तक नहीं आया था।

बृहस्पतिवार शाम को सन्नी कार से मां अनीता (55), करीब आठ माह की गर्भवती पत्नी शिवानी (25), अपने साले ग्राम खमरिया लालपुर निवासी शुभम उर्फ कालू (22), सलहज सुमित्रा (26) पत्नी सोनू, छोटी बहन शालू (14), रिश्ते की भाभी ममता (27) और उसके पुत्र कृष्णा (5) को शादी में बरेली ले गया था। शादी होने के बाद ये सभी शुक्रवार तड़के करीब चार बजे किच्छा के लिए निकल गए।
 
विज्ञापन

बहेड़ी बाईपास पर कोहरे के चलते उनकी कार के आगे चल रहे तीन ट्रक एक दूसरे से टकराए। इसके पहले कि कार चला रहा सन्नी कुछ समझ पाता उसकी कार सबसे पीछे चल रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी की कार के परखचे उड़ गए और शिवानी, सुमित्रा और शुभम उर्फ कालू की मौके पर ही मौत हो गई।

सूचना पर पहुंची बहेड़ी पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया। वहां इलाज के दौरान सन्नी की मां अनीता ने भी दम तोड़ दिया। घायलों को बहेड़ी के अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद बरेली रेफर कर दिया गया।

पोस्टमार्टम के लिए चारों शवों को बरेली भेजा गया है। इधर, सन्नी के चाचा महेंद्र सागर ने बरेली से फोन पर बताया कि गंभीर रूप से घायल ममता के दिमाग में गंभीर चोट आने से उसकी हालत भी चिंताजनक बनी हुई है और उसका ऑपरेशन किया जा रहा है। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें