चीला मार्ग पर रविवार शाम एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर 50 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार तीन युवक घायल हो गए। श्यामपुर पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया और पौड़ी पुलिस को सूचना दी। युवकों को हल्की फुल्की चोट आई हैं।
चीला मार्ग पर रविवार शाम कार सवार तीन युवक हरिद्वार की तरफ आ रहे थे। तेज घूम पर चालक अपना नियंत्रण खो बैठा और कार नीचे खाई में जा गिरी। राहगीरों ने इसकी सूचना श्यामपुर पुलिस को दी। जिस पर चंडीघाट चौकी प्रभारी गंभीर सिंह तोमर टीम सहित मौके पर पहुंचे और कार में फंसे युवकों को बाहर निकलवाकर जिला अस्पताल भिजवाया। चूंकि हादसा पौड़ी थानाक्षेत्र में हुआ, लिहाजा हादसे की सूचना पौड़ी पुलिस को दी गई।
घायल युवकों ने अपने नाम दिग्विजय पुत्र इंद्रजीत पूर्वी नाथ नगर ज्वालापुर, सिद्धांत राठी पुत्र अरविंद और प्रभात पुत्र बाबूराम निवासी प्रेमनगर बरेली बताया। तीनों दोस्त चीला से घूम फिरकर लौट रहे थे। ज्वालापुर निवासी परिजन भी वहां पहुंच गए। पुलिस के अनुसार खाई करीब 50 फीट गहरी रही होगी।
वहीं प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज घूम पर यह हादसा कार चला रहे युवक के बैलेंस खो देने के कारण हुआ। गनीमत रही कि तीनों को मामूली चोट आई हैं। चौकी प्रभारी गंभीर सिंह तोमर ने बताया कि घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराते हुए पौड़ी पुलिस को सूचना दे दी गई है।