नौसेना की एसएसआर भर्ती के लिए देशभर के विभिन्न राज्यों से दून पहुंचे सैकड़ों अभ्यर्थियों ने शुक्रवार को लिखित परीक्षा के साथ दौड़ और मेडिकल की परीक्षा दी। अभ्यर्थी परीक्षा से एक दिन पहले ही दून पहुंच गए थे। ऐसे में कई अभ्यर्थियों ने जहां फुटपाथ पर सोकर ही रात काटी वहीं परीक्षा के दौरान उनके परिजनों ने पूरा दिन फुटपाथ पर बिताया।
राजपुर रोड स्थित भारतीय नौसेना राष्ट्रीय जल सर्वेक्षण कार्यालय में भर्ती परीक्षा सुबह 11 बजे से शुरू हुई। इसके लिए सुबह छह बजे ही अभ्यर्थियों को बुलाया गया था। परीक्षा के चलते कार्यालय के बाहर सड़क पर बने फुटपाथ पर अभ्यर्थियों और उनके परिजनों का जमावड़ा लगा था। उत्तरप्रदेश के प्रयागराज से आए अभ्यर्थी पवन सिंह ने बताया कि लिखित परीक्षा के बाद दौड़ और मेडिकल की परीक्षा हुई। परीक्षा के लिए एक दिन पहले ही वह दून पहुंच गए थे और रात उन्होंने फुटपाथ पर गुजारने के बाद सुबह परीक्षा दी। 20 दिन बाद परिणाम आएगा। अब सिर्फ परिणाम का इंतजार है।