उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय की ओर से 27 जुलाई से शुरू होने जा रही उत्तराखंड स्टेट एंट्रेंस एग्जामिनेशन (यूकेएसईई) की काउंसलिंग स्थगित कर दी गई है। विवि ने यह कदम पॉलिटेक्निक अंतिम वर्ष का परिणाम जारी न होने की वजह से उठाया है। अब विवि ने चार अगस्त से काउंसलिंग प्रस्तावित की है।
तकनीकी विवि के कुलसचिव प्रो. विजय जुयाल ने बताया कि यूकेएसईई के तहत बीटेक लेटरल एंट्री, बीफार्मा, बीफार्मा लेटरल एंट्री, एमसीए, एमसीए लेटरल एंट्री, बीएचएमसीटी आदि कोर्सेज के लिए 27 जुलाई से काउंसलिंग शुरू होने जा रही थी।
उन्होंने बताया कि उत्तराखंड प्राविधिक शिक्षा परिषद की ओर से अभी तक पॉलिटेक्निक डिप्लोमा का परिणाम जारी नहीं किया गया है, जिस वजह से ऐसे छात्र बीटेक लेटरल एंट्री में दाखिले के योग्य नहीं हैं। लिहाजा, रिजल्ट के इंतजार में काउंसलिंग स्थगित कर दी गई है। अब चार अगस्त से यूकेएसईई काउंसलिंग प्रस्तावित है। इसकी पूरी सूचना विभिन्न माध्यमों से जारी की जाएगी।
यह है प्रस्तावित काउंसिलिंग शिड्यूल
बी आर्क, बीफार्मा : चार अगस्त को रिपोर्टिंग, पांच अगस्त को काउंसलिंग(यूटीयू परिसर)
एमसीए, एमसीए लेटरल एंट्री, बीएचएमसीटी : पांच अगस्त को रिपोर्टिंग, छह अगस्त को काउंसलिंग
बीटेक लेटरल एंट्री फोर डिप्लोमा होल्डर(1-600 रैंक) : छह अगस्त को रिपोर्टिंग, सात अगस्त को काउंसलिंग
बीटेक लेटरल एंट्री फोर डिप्लोमा होल्डर(600 रैंक से ऊपर) : सात अगस्त को रिपोर्टिंग, आठ अगस्त को काउंसलिंग
बीटेक लेटरल एंट्री फोर बीएससी होल्डर : सात अगस्त को रिपोर्टिंग, आठ अगस्त को काउंसलिंग