बजट सत्र, अध्यादेश, वित्त विधेयक, सत्रावसान, सत्र स्थगन, मानसून सत्र, शून्यकाल, प्रश्न काल, तारांकित प्रश्न, धारा 310 के तहत चर्चा सहित संसदीय प्रणाली से जुड़े तमाम पहलुओं को अब होनहार बारीकी से सीखेंगे।
लोकसभा सचिवालय की ओर से देशभर के विश्वविद्यालयों से ऐसे होनहारों के लिए इंटर्नशिप प्रोग्राम शुरू होने जा रहा है। इसके लिए सभी विवि को पत्र भेजा गया है। पत्र के मुताबिक तीन माह और एक माह के दो इंटर्नशिप प्रोग्राम होंगे। तीन माह के इंटर्नशिप प्रोग्राम में 21 से 30 वर्ष तक के वह युवा शामिल हो सकते हैं, जो कि सोशल साइंसेज, एनवायरमेंट, लॉ, जर्नलिज्म, फाइनेंस, मैनेजमेंट व लैंग्वेज आदि कोर्स के टॉपर हों।
कम से कम दो वर्ष का पीजी कोर्स पूरा कर लिया हो। एक माह के इंटर्नशिप प्रोग्राम में 18 से 30 साल के वह छात्र शामिल हो सकते हैं जो कि ग्रेजुएशन या पोस्ट ग्रेजुएशन कर रहे हों। इसके लिए उन्हें अपने प्राचार्य या एचओडी की ओर से संस्तुति पत्र भी जमा कराना होगा।
एक माह के प्रोग्राम के लिए छात्र को 250 शब्दों का नोट भी लिखना होगा, जिसमें वह इंटर्नशिप की अहमियत बताएंगे। दोनो कोर्स के लिए देशभर से 25-25 छात्र-छात्राओं का चयन किया जाएगा। एक दिसंबर 2016 से 28 फरवरी 2017 तक तीन महीने की इंटर्नशिप होगी जबकि 14 दिसंबर 2016 से 13 जनवरी 2017 तक एक माह की इंटर्नशिप होगी।
यह होगा फायदा
इंटर्नशिप करने वाले छात्र को बाकायदा प्रोजेक्ट रिपोर्ट बनानी होगी। एक माह के कोर्स के लिए छात्र को 25 हजार रुपये (20 हजार स्टाइपंड, 5000 स्टेशनरी खर्च) दिया जाएगा। तीन माह के कोर्स के लिए छात्र को 20 हजार रुपये प्रतिमाह स्टाइपंड और तीसरे महीने में स्टेशनरी का 10 हजार रुपये खर्च दिया जाएगा। इसके अलावा सभी प्रतिभागियों को लोकसभा सचिवालय से प्रमाण पत्र मिलेगा।
यहां से डाउनलोड करें आवेदन पत्र : www.bpst.nic.in, www.sdsuv.ac.in
विश्वविद्यालय को लोक सभा सचिवालय से पत्र मिल चुका है। इसके साथ आवेदन पत्र भी आया है। हम पूरी जानकारी विवि की वेबसाइट पर अपलोड कर रहे हैं। योग्य व इच्छुक छात्र यहां से फॉर्म डाउनलोड कर जमा करा सकते हैं।
- डा. यूएस रावत, कुलपति, श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विवि