देहरादून के ऋतिक चौहान ने नीट में ऑल इंडिया 317 रैंक हासिल कर उत्तराखंड टॉप किया है। आइए जानते हैं इनकी सफलता के मूल मंत्र...
ऋतिक ने बताया कि तकरीबन एक साल से वह स्मार्टफोन इस्तेमाल नहीं कर रहे हैं। वह सोशल मीडिया से भी दूर हैं। उनका कहना है कि ऐसी परीक्षाएं पास करने के लिए कई बार समाज से कटना पड़ता है।
ऋतिक ने कहा कि लक्ष्य को लेकर कड़ी मेहनत, सुनियोजित ढंग से पढ़ाई और एकाग्रचित रहना जरूरी है। तनाव से मुक्ति पाने के लिए वह योग करते हैं। पढ़ाई के दौरान वह गिचार बजाकर खुद को रिफ्रेश करते हैं।
सुबह के वक्त वह जीव विज्ञान और दिन में रसायन व भौतिक विज्ञान पढ़ा करते थे। शाम का वक्त रिवीजन के लिए रखा था। अविरल क्लासेस के निदेशक डीके मिश्रा ने बताया कि ऋतिक ने एम्स के साथ ही जिपमर में भी सफलता हासिल की है। पहली बार उत्तराखंड का कोई छात्र जिपमर में चयनित हुआ है। यह संस्थान के साथ ही पूरे प्रदेश के लिए गौरव का विषय है।