उत्तराखंड आयुर्वेद विश्वविद्यालय की उत्तराखंड आयुष प्री मेडिकल प्रवेश परीक्षा (यूएपीएमटी) और उत्तराखंड आयुष पोस्ट ग्रेजुएट मेडिकल प्रवेश परीक्षा (यूएपीजीएमईई) की काउंसिलिंग देर रात तक चली। दो बजे तक छात्र काउंसलिंग के लिए डटे रहे। काउंसलिंग में पहले दिन यूजी और पीजी की सीटें आवंटित हुई।
शुक्रवार को हर्रावाला स्थित उत्तराखंड आयुर्वेद विवि में यूएपीएमटी में बीएएमएस की 220 और बीएचएमएस की 50 सीटों के लिए 323 छात्रों ने रिपोर्टिंग की। इसी प्रकार, पीजी के लिए 55 छात्रों ने रिपोर्टिंग की। देर रात करीब साढ़े 11 बजे तक छात्र अभिभावकों के साथ हर्रावाला स्थित विवि परिसर में जमे रहे।
खबर लिखे जाने तक 80 से ऊपर बीएएमएस की सीटें आवंटित हुई। पीजी की 15 सीटें आवंटित हो गई थी। पहले दिन केवल उत्तराखंड कोटे की सीटों का आवंटन किया गया। अब शनिवार को 300 से ऊपर रैंक वाले छात्रों को रिपोर्टिंग और सीटें आवंटित होंगी। विवि के कुलसचिव डॉ. मृत्युंजय कुमार मिश्रा ने बताया कि छात्रों के प्रमाण पत्रों की जांच के बाद ही सीट आवंटित की गई है।