उत्तराखंड आयुष प्री मेडिकल परीक्षा (यूएपीएमटी 2016) के फर्जीवाड़े में गिरफ्तार छात्र को राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर ने बाहर का रास्ता दिखा दिया है। मामले में महत्वपूर्ण तथ्य यह है कि उक्त छात्र ने कॉलेज में फर्जी पते से प्रवेश लिया था। बताया जा रहा है कि संस्थान में कुछ मुन्नाभाई भी हो सकते हैं, जिनके नाम का जल्द खुलासा होने की संभावना है।
यहां बता दें कि विगत सात अगस्त को आयुर्वेद विश्वविद्यालय की ओर से यूएपीएमटी परीक्षा आयोजित की गई थी। इसमें पुलिस ने फर्जी तरीके से अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र में अपना फोटो लगाकर परीक्षा में सम्मिलित होने वाले धोखाधड़ी और जालसाजी के अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया था।
पुलिस ने देहरादून में विभिन्न परीक्षा केंद्रों से ऐसे नौ युवकों को गिरफ्तार किया था। कोतवाली देहरादून में आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज हो चुका है। आरोपियों में एक श्रीनगर मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस तृतीय वर्ष का छात्र मोहम्मद सलीम पुत्र शब्बीर अहमद भी शामिल था।