गढ़वाल विवि में आयोजित हुआ दीक्षांत समारोह
- फोटो : अमर उजाला
गढ़वाल विवि के दीक्षांत समारोह में बेटियों पर खूब सोना बरसा। 57 स्वर्ण पदकों में से 44 स्वर्ण पदक छात्राओं को मिले। दीक्षांत समारोह में करीब 300 छात्रों को उपाधियां वितरित की गई, जिसमें पीएचडी व परास्नातक के छात्र शामिल हैं।
शनिवार को एचएनबी गढ़वाल विवि का 6वां दीक्षांत समारोह चौरास परिसर स्थित ऑडीटोरियम में आयोजित किया गया। समारोह का उद्घाटन मुख्य अतिथि भारतीय तटरक्षक बल के डीजी राजेंद्र सिंह, कुलाधिपति योगेंद्र नारायण व कुलपति प्रो. अन्नपूर्णा नौटियाल ने किया।
कुलपति प्रो. नौटियाल ने विवि की रिपोर्ट समारोह में प्रस्तुत की। इसके बाद 11 स्कूलों के विभिन्न विषयों में छात्रों को उपाधियां प्रदान की गई, जिसके तहत पीएचडी के 106 व पीजी के 228 छात्रों को उपाधियां दी गई। 57 स्वर्ण पदक विजेता छात्रों को मुख्य अतिथि राजेंद्र सिंह, कुलाधिपति योगेंद्र नारायण व कुलपति प्रो. अन्नपूर्णा नौटियाल पदक प्रदान किए। इस मौके पर कुलसचिव डा. एके झा सहित कई मौजूद थे। संचालन प्रो. पीके जोशी ने किया।