भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री डॉ. मुरली मनोहर जोशी बृहस्पतिवार को देहरादून पहुंचे थे। जोशी ने राजभवन पहुंचकर राज्यपाल बेबी रानी मौर्य से शिष्टाचार भेंट भी की। इससे पूर्व उनके देहरादून पहुंचने पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, उच्च शिक्षा राज्यमंत्री डॉ. धन सिंह रावत, प्रदेश महामंत्री नरेश बंसल, विधायक खजान दास और विधायक गणेश जोशी ने उनका स्वागत किया।
डॉ. जोशी स्थानीय व्यवसायी और एक निजी शिक्षण संस्था के एमडी संजय बंसल के घर चाय पर गए। वहां कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, खजान दास, नगर निगम के मेयर सुनील उनियाल गामा, भाजपा महानगर अध्यक्ष विनय गोयल व भाजपा नेता पुनीत मित्तल भी मौजूद थे।