इससे प्रदेश में सरकारी सीटों की संख्या में बढ़ोतरी होगी।
- फोटो : प्रतीकात्मक
उत्तराखंड में चार नए मेडिकल कॉलेज खुलने का रास्ता साफ हो गया है। यह मेडिकल कॉलेज भगवानपुर (हरिद्वार), पिथौरागढ़, कोटद्वार (पौड़ी गढ़वाल) और रुद्रपुर (ऊधमसिंह नगर) में खुलने हैं। इसके अलावा नए नर्सिंग कॉलेज खोलने के प्रस्ताव पर भी सहमति बन गई है। मुख्यमंत्री ने भी प्रस्ताव पर सहमति दे दी है।
प्रमुख सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण ओम प्रकाश ने बताया कि भारत सरकार ने राजकीय दून मेडिकल कॉलेज को सत्र 2016-17 में एमबीबीएस पाठ्यक्रम की 150 सीटों पर प्रवेश को स्वीकृति दी है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में मौजूदा समय में एमबीबीएस की कुल 500 सीटें हैं।
इसमें से 250 सरकारी और 250 प्राइवेट कॉलेज में है। दून को मान्यता मिलने के बाद सरकारी सीटों की संख्या बढ़कर 400 हो जाएगी। इसके अलावा एम्स ऋषिकेश में भी एमबीबीएस की 100 सीटें हैं।
कॉलेजों में अभी यह है सीटों की स्थिति
डॉक्टर
उन्होंने बताया कि ऋषिकुल गुरुकुल परिसर (हरिद्वार) व आयुर्वेद विवि स्थित मुख्य परिसर में बीएएमएस की 150 सीट, गुरुकुल परिसर में एमडी व एमएस की 15 और ऋषिकुल परिसर में 39 सीटों को मंजूरी दी गई है। अभी बीएएमएस की 110 और एमडीएमएस की 33 सरकारी सीटें हैं।
नई सीटों को मंजूरी मिलने के बाद इनकी संख्या बढ़कर क्रमश: 260 और 87 हो जाएगी। प्रमुख सचिव ने बताया कि नए कॉलेज खोलने के मामले में मुख्यमंत्री ने भी सहमति व्यक्त की है। राजकीय दून मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डा. प्रदीप भारती गुप्ता ने बताया कि एमसीआई से सत्र 2016-17 के लिए लैटर ऑफ परमिशन मिल गया है। अगस्त से प्रवेश प्रक्रिया शुरू होगी।
उत्तराखंड को 127 सीटें
एलओपी मिलने के बाद एमबीबीएस पहले वर्ष में 150 एमबीबीएस सीटों पर दाखिला होगा। इसमें से 127 सीटों पर प्रदेश के युवाओं के दाखिला मिलेगा। पहले यूपीएमटी के जरिये 85 फीसदी सीटों पर प्रवेश होते थे। इस बार नीट टू के माध्यम से इन सीटों को भरा जाएगा।
मौजूदा सीटों की स्थिति
मेडिकल कॉलेज श्रीनगर- 100 सीटें, राज्य कोटा-85
मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी- 100 सीटेें, राज्य कोटा-85
दून मेडिकल कॉलेज- 150 सीटें, राज्य कोटा- 127
जौलीग्रांट मेडिकल कॉलेज -150 सीटें, राज्य कोटा-25
एसजीआरआर मेडिकल कॉलेज- 150 सीट, राज्य कोटा- 25