उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय ने एक बार फिर संबद्ध कॉलेजों को राहत देने के लिए दाखिले खोल दिए हैं। इसके तहत हर 12वीं पास युवा बीटेक में सीधे जाकर दाखिला ले सकता है। आठ अगस्त तक आवंटित सीटों पर दाखिले के बाद यह विकल्प अस्तित्व में आ जाएगा।
तकनीकी विवि के संबद्ध कॉलेजों में बीटेक की 11046 सीटें हैं। इनमें से पहले चरण में केवल 1273 सीटें भरी थी। दूसरे चरण के तहत आवंटित हुई सीटों पर आठ अगस्त तक दाखिला प्रक्रिया चल रही है। इनमें भी करीब 300 छात्र ही नए थे जबकि बाकी छात्र ऐसे थे जो कि पहले से आवंटित सीट को अपग्रेड करने के लिए दूसरी काउंसिलिंग में शामिल हुए हैं। लिहाजा नौ हजार से ऊपर बीटेक सीटें खाली पड़ी हैं।
अब इन सीटों को भरने के लिए तकनीकी विवि ने सीधे दाखिले का विकल्प खोल दिया है। विवि के कुलसचिव प्रो. विजय जुयाल ने बताया कि छात्र अब संबंधित कॉलेज में जाकर सीधे दाखिला ले सकते हैं। इसके लिए कॉलेज अपने स्तर पर बीटेक की काउंसिलिंग करेंगे। उम्मीद जताई जा रही है कि सीधा विकल्प खुलने के बाद 40 प्रतिशत सीटें भर जाएंगी।