देहरादून के डीबीएस पीजी कॉलेज में लगातार दूसरी बार अध्यक्ष पद पर एनएसयूआई ने कब्जा जमाया है। एनएसयूआई के अध्यक्ष पद के प्रत्याशी गौरव गुलेरिया ने एबीवीपी के रोहन जोशी को 20 मतों के अंतर से हरा दिया। एनएसयूआई ने कॉलेज में तीन पद कब्जाए जबकि एबीवीपी का सूपड़ा साफ हो गया। उधर, महासचिव पद पर महज तीन वोट का अंतर होने के कारण विवाद खड़ा हो गया। इस पद के लिए शुक्रवार को दोबारा मतगणना होगी।
बृहस्पतिवार को हुए डीबीएस कॉलेज के छात्र संघ चुनाव में छात्रों में जबरदस्त उत्साह देखा गया। सुबह साढ़े आठ बजे मतदान शुरू होते ही बड़ी संख्या में छात्र वोट के लिए पहुंचने लगे। डेढ़ बजे मतदान की समाप्ति तक 67 प्रतिशत मतदान हुआ।
मतगणना में सर्वाधिक 651 मत पाने वाले सौरव गुलेरिया को अध्यक्ष पद पर विजेता घोषित किया गया। जबकि एबीवीपी के रोहन 631 वोट पाकर दूसरे स्थान पर रहे। वहीं एसयूआई के बागी रजत बेंजवाल चुनाव का रुख नहीं बदल सके। हालांकि रजत ने 417 वोट पाकर अपनी जोरदार उपस्थिति दर्ज कराई।