श्रीदेव सुमन विवि की मुख्य परीक्षा में उड़नदस्ता ने दो दिन की छापेमारी में पीजी कालेज नई टिहरी समेत हरिद्वार जिले के छह परीक्षा केंद्रों पर 27 परीक्षार्थियों को नकल करते हुए पकड़ा है।
श्रीदेव सुमन विवि की प्राइवेट परीक्षा केंद्रों पर नकल की शिकायत मिलने पर विवि के कुलपति डा. यूएस रावत ने टिहरी-उत्तरकाशी के लिए डा. एमएमएस नेगी के नेतृत्व में बने उड़नदस्ता को परीक्षा केंद्रों पर सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए थे।
उड़नदस्ते ने शुक्रवार को छापेमारी के दौरान हरिद्वार जिले के फेरुपुर महाविद्यालय में नौ, आशा देवी डिग्री कालेज में तीन, एसबीएन डिग्री कालेज में एक, चमन लाल डिग्री कालेज व हर्ष विद्या मंदिर डिग्री कालेज में तीन-तीन, विद्या विकासनी डिग्री कालेज नारसन में पांच छात्रों को नकल करते हुए पकड़ा है।
इस दौरान बीए, प्रथम, द्वितीय और तृतीय वर्ष की अलग-अलग पाली में इतिहास की परीक्षाएं चल रही थी, जबकि शनिवार को राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय नई टिहरी के चेकिंग के दौरान बीए द्वितीय वर्ष की अंग्रेजी के प्रश्नपत्र की परीक्षा में तीन नकलचियों को पकड़ा है।
उड़नदस्ते ने आरोपी परीक्षार्थियों की उत्तर पुस्तिका सील कर कार्रवाई के लिए विवि प्रशासन को भेज दी है। उड़नदस्ते में डा. एमएएस नेगी, डा. प्रमोद उनियाल, डा. वेणीराम अंथवाल, डा. मुकेश सेमवाल आदि शामिल थे।
छापेमारी के दौरान कई प्राइवेट कालेजों में नकल करते हुए पकड़े गए छात्रों को परीक्षा देने से निष्कासित किया गया है। उड़नदस्ते की रिपोर्ट मिलने के बाद संबंधित केंद्र अध्यक्षों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। नकल विहीन परीक्षाएं करवाए जाने के लिए निरंतर छापेमारी जारी रहेगी।
- डा. एसएस रावत, कुलसचिव श्रीदेव सुमन विवि
Published By : Nirmala Suyal