सीबीएसई की 10वीं और 12वीं की कंपार्टमेंट परीक्षा का परिणाम जारी होने के बाद अब बोर्ड ने छात्रों के लिए मार्क्स वेरिफिकेशन, आंसर शीट की फोटोकॉपी और रि-इवेल्यूएशन का मौका दे दिया है। छात्र ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं, जिसके लिए अलग शुल्क भी ऑनलाइन जमा कराना होगा।
सीबीएसई की ओर से जुलाई माह में कंपार्टमेंट परीक्षा कराई गई थी। दो दिन पहले इसका परिणाम जारी किया गया है। बोर्ड के एग्जाम कंट्रोलर केके चौधरी की ओर से जारी सूचना के मुताबिक छात्र अपने मार्क्स वेरिफिकेशन व अन्य के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
मार्क्स वेरिफिकेशन के लिए छात्रों को 300 रुपये प्रति विषय शुल्क देना होगा। 11 अगस्त तक इसके लिए अप्लाई कर सकते हैं। चालान या डीडी से शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 16 अगस्त होगी। ‘आंसर की’ की फोटोकॉपी लेने के लिए छात्र को 700 रुपये प्रति विषय शुल्क जमा कराना होगा।
इसके लिए 17 अगस्त से 19 अगस्त तक ऑनलाइन अप्लाई किया जा सकता है। चालान या डीडी से शुल्क जमा कराने की अंतिम तिथि 22 अगस्त होगी।
यहां करें आवेदन : www.cbse.nic.in
इसके बाद इंग्लिश कोर, इंग्लिश इलेक्टिव, हिंदी कोर, हिंदी इलेक्टिव, मैथ्स, फिजिक्स, केमिस्ट्री, बायोलॉजी, बिजनेस स्टडीज और इकोनॉमिक्स एंड एकाउंटेंसी विषय में रि-इवेल्यूएशन भी करा सकते हैं। इसके लिए प्रति विषय 100 रुपये शुल्क देना होगा। 23 अगस्त से 26 अगस्त के बीच ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है। चालान या डीडी से शुल्क जमा कराने की अंतिम तिथि 30 अगस्त होगी।