मेडिकल की कॉमन प्रवेश परीक्षा नीट-1 में नियमों का उल्लंघन करने वाले आठ छात्रों पर सीबीएसई ने प्रतिबंध लगा दिया है। अब यह छात्र कभी भी मेडिकल प्रवेश परीक्षा में नहीं बैठ पाएंगे। गत वर्ष बोर्ड ने पहली परीक्षा में 47 और दूसरी परीक्षा में चार अभ्यर्थियों पर प्रतिबंध लगाया था।
सीबीएसई के ओएसडी एआईपीएमटी की ओर से जारी सूचना के मुताबिक एक मई 2016 को आयोजित हुई नीट-1 परीक्षा में देशभर से आठ छात्र पकड़े गए थे। इनमें से एक छात्र ऐसा था जो एंट्री टाइम खत्म होने के बाद बिना परमीशन परीक्षा कक्ष में घुस गया। एक छात्र ऐसा था, जिसके पास से गत वर्ष की आंसर की का हिस्सा मिला था।
एक छात्र के पास से कॉलर माइक, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और मिनी मोबाइल बरामद किया गया था। एक छात्र ऐसा था, जिसने फोटो मॉर्फिंग की थी। जबकि, चार छात्रों ने बारकोड हटाकर नया बारकोड डाल दिया था।
कभी नहीं हो पाएंगे शामिल
सभी आठ छात्रों पर प्रतिबंध लगाने के साथ ही बोर्ड ने साफ कर दिया है कि अब ये कभी भी मेडिकल प्रवेश परीक्षा में शामिल नहीं हो पाएंगे। बता दें कि गत वर्ष एआईपीएमटी का पेपर लीक करने में 47 छात्र और इसके बाद हुई दूसरी परीक्षा में चार छात्रों पर बोर्ड ने प्रतिबंध लगाया था।
बोर्ड का मकसद ऐसे छात्रों और गिरोह को सबक सिखाना था, जो नियमों की धज्जियां उड़ाते हैं। प्रतिबंध की पूरी सूचना नीट की वेबसाइट www.aipmt.nic.in पर भी उपलब्ध है।