केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की अगले वर्ष होने वाले 10वीं, 12वीं परीक्षाओं का पंजीकरण शुरू हो गया है। अगर किसी स्कूल ने फर्जी तरीके से अनियमित छात्रों का पंजीकरण कराया तो उनकी मान्यता खत्म करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
बोर्ड के देहरादून क्षेत्रीय कार्यालय ने इस संबंध में सभी स्कूलों को पत्र जारी कर दिया है। सीबीएसई 10वीं और 12वीं में 16 अक्तूबर से पांच नवंबर तक बिना विलंब शुल्क के छात्रों का पंजीकरण होगा।
इसके बाद छह से 22 नवंबर तक 500 रुपये विलंब शुल्क के साथ, 23 से 30 नवंबर तक 1000 रुपये प्रति छात्र विलंब शुल्क के साथ, एक दिसंबर से सात दिसंबर तक 2000 रुपये प्रति छात्र विलंब शुल्क के साथ और आठ से 14 दिसंबर तक 5000 रुपये प्रति छात्र विलंब शुल्क के साथ पंजीकरण होंगे।