अगर आप 12वीं के बाद दाखिलों की राह देख रहे हैं जेईई मेन या नीट के आवेदन से चूक गए हैं तो आपके पास कई और जगहों पर आवेदन का मौका है। देशभर में विभिन्न प्रवेश परीक्षाओं की ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी आप भी आवेदन कर सकते हैं।
क्लैट : विधि दाखिलों की कॉमन प्रवेश परीक्षा कॉमन लॉ एडमिशन टेस्ट (क्लैट) की ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया चल रही है। अगर आप 12वीं के बाद एलएलबी करना चाहते हैं तो इस परीक्षा के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए 31 मार्च तक ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है। क्लैट परीक्षा का आयोजन 13 मई को देशभर में किया जाएगा। आवेदन करने के लिए वेबसाइट : www.clat.ac.in
आईआईएसटी : इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ स्पेस साइंस एंड टेक्नोलॉजी में दाखिलों के लिए आवेदन प्रक्रिया जेईई एडवांस के माध्यम से होगी। यहां जेईई एडवांस परीक्षा के स्कोर के आधार पर दाखिले किए जाएंगे। आईआईएसटी में बीटेक एयरोस्पेस इंजीनियरिंग, बीटेक एवियोनिक और पांच वर्षीय बीटेक-एमटेक ड्यूल डिग्री कोर्स में दाखिले का मौका मिलेगा। आईआईएसटी की ओर से पूरी जानकारी दो मई को जारी की जाएगी।
यह है वेबसाइट : www.iist.ac.in
आईआईएससी : इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस में भी 12वीं के बाद बीटेक करने का अवसर है। यहां दाखिले के लिए जेईई एडवांस और किशोर वैज्ञानिक प्रोत्साहन योजना का स्कोर होना जरूरी है। फिलहाल, पंजीकरण 30 अप्रैल तक करा सकते हैं। पंजीकरण के बाद जेईई एडवांस परीक्षा के स्कोर के आधार पर आगे की दाखिला प्रक्रिया होगी।
यह है वेबसाइट : www.iisc.ac.in