परिवहन विभाग स्कूल वैन के सत्यापन को लेकर बड़ी मुहिम चलाने जा रहा है। 10 अक्तूबर से परेड ग्राउंड में कैंप लगाकर स्कूल वैन चालकों व वाहनों का सत्यापन किया जाएगा। आरटीओ कार्यालय में शनिवार को हुई बैठक में यह जानकारी आरटीओ सुनील शर्मा की ओर से दी गई।
उन्होंने बताया कि स्कूल वैन चालकों की काउंसलिंग भी की जाएगी। इसमें किसी प्रकार से घबराने की जरूरत नहीं है। स्कूल वैन यूनियन ने पूरा सहयोग देने का भरोसा दिलाया। पिछले काफी दिनों से स्कूल वैन के अधूरे दस्तावेज और बच्चों की सुरक्षा के मानक पूरे न करने का मुद्दा उठ रहा था। इसके बाद परिवहन विभाग की ओर से सत्यापन शिविर लगाने का निर्णय लिया गया। आरटीओ प्रवर्तन शैलेश तिवारी ने बताया कि बच्चों की सुरक्षा को लेकर किसी तरह की लापरवाही न हो, इसके लिए जरूरी है कि स्कूल वैन के सभी दस्तावेज पूरे हों। सुरक्षा मानकों का पूरा ख्याल रखा जाए।
बताया कि सत्यापन शिविर के बाद जिस गाड़ी में सत्यापन का स्टीकर नहीं लगा होगा, उस वाहन स्वामी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। संबंधित वाहन का रजिस्ट्रेशन निरस्त किया जा सकता है।