फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Dehradun News: मुख्तार अंसारी की मौत के बाद बांदा जेल अधीक्षक को दून के फर्जी एक्सचेंज से गई थी कॉल

विज्ञापन
विज्ञापन
बाहुबली मुख्तार अंसारी की मौत के बाद बांदा जेल के जेल अधीक्षक को कनाडा से कॉल कर जान से मारने की धमकी दी गई थी। कनाडा के उस नंबर को देहरादून स्थित एक फर्जी एक्सचेंज से स्थानीय नंबर पर ट्रांसफर कर यह कॉल की गई। एसटीएफ ने मंगलवार को इस एक्सचेंज का भंडाफोड़ कर इसके संचालक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी चीन की एक महिला के लिए काम करता है जो उसे हर दिन लाखों रुपये कमीशन देकर इस तरह से कॉल डायवर्ट कराती है। इसके लिए वह 500 टेलीफोन नंबरों का इस्तेमाल करता है। आरोपी को न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया है।
विज्ञापन


यह सनसनीखेज खुलासा मंगलवार को एसएसपी एसटीएफ आयुष अग्रवाल ने किया। उन्होंने बताया कि गत 29 मार्च को बांदा जिला कारागार के अधीक्षक वीरेश राज शर्मा को देहरादून के टेलीफोन नंबर से जान से मारने की धमकी दी गई थी। इसके संबंध में बांदा कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया था। नंबर देहरादून का था तो उत्तर प्रदेश पुलिस और डिपार्टमेंट ऑफ टेलीकॉम (डीओटी) ने सारी जानकारी एसटीएफ के साथ साझा की। इस पर इंस्पेक्टर यशपाल बिष्ट और एसआई धर्मेंद्र रौतेला की टीम को जांच में लगाया गया। पता चला कि यह नंबर स्पेक्ट्रम इन्फो वेब सॉल्यूशन प्रा.लि. एमएम टावर के नाम पर पंजीकृत है। लेकिन, इसके मालिक के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली। इस पर एसटीएफ ने मैन्युअल ही सारी जानकारियां जुटाईं।
जानकारी मिली कि इस कंपनी को संगम विहार जीएमएस रोड निवासी अनुराग गुप्ता चलाता है। उसने कंपनी के नाम से 500 टेलीफोन कनेक्शन लिए हैं। इनसे वह विदेशों की कॉल को इंटरनेट के माध्यम से भारतीय नंबरों पर डायवर्ट करता है। इस सूचना के आधार पर एसटीएफ और डीओटी की टीम ने जीएमएस रोड स्थित एमएम टावर के दूसरे तल पर छापा मारा। वहां से अनुराग गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी ने यहां पर कंपनी के बोर्ड के स्थान पर विक्रांत फूड कंपनी एंड दूनाइट्स वेब्ड सर्विस का बोर्ड लगाया हुआ है। ताकि, किसी को उसकी हरकतों का पता न चल सके। आरोपी ने बताया कि 29 मार्च को जेल अधीक्षक बांदा के लिए कनाडा से फोन आया था। कनाडा के इस नंबर को उसने देहरादून के लैंडलाइन नंबर पर डायवर्ट कर जेल अधीक्षक को फोन लगाया। आरोपी के खिलाफ वसंत विहार थाने में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
विज्ञापन

-

जिओ ने काट दिए कनेक्शन तो बीएसएनएल से लिए

आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसने अगस्त 2023 से दिसंबर 2023 तक जिओ कंपनी से नंबर और इंटरनेट कनेक्शन लिया था। लेकिन, जिओ के अधिकारियों को इस अवैध काम के बारे में पता चल गया। फिर उसने दिसंबर 2023 में बीएसएनएल से पहले पीआरआई लाइन और एक राउटर लिया। यह लाइन चीन, हॉन्गकॉन्ग, सिंगापुर, मकाउ में स्नो फ्लाई ऑनलाइन कंपनी से आने वाली कॉल को ग्राहकों तक भेजने के लिए ली थी। इसके लिए कुल 500 कनेक्शन लेने के साथ उसने एसआईपी कनेक्शन और इंटरवेव टेक्नोलॉजी से इंटरनेट कनेक्शन लिया था। एसटीएफ ने मौके से दो लैपटॉप, दो सर्वर, दो सीपीयू, एक मॉनीटर, दो मीडिया कन्वर्टर, एक लाइन स्विच, तीन मॉडम, सात चार्जर व कनेक्टिंग तार, एक प्रिंटर और एक मोबाइल फोन कब्जे में लिया है।

-

2015 में चाइना टेलीकॉम कंपनी के लिए करता था काम

अनुराग गुप्ता ने यहां एक सर्वर सेटअप किया था। यहां से विदेश से आने वाली वीओआईपी कॉल को लैंडलाइन व मोबाइल नंबरों पर डायवर्ट करता था। इसके लिए उसे चीन से मोटा कमीशन मिलता है। उसने बताया कि वह 2015 में चाइना टेलीकॉम कंपनी के साथ वैल्यू ऐडेड सर्विस का काम करता था। यहां उसकी जान पहचान एमेंडा नाम की महिला से हुई। यही महिला स्नो फ्लाई ऑनलाइन कंपनी संचालित करती है। वह उससे स्काइप एप और आईएसडी कॉल के माध्यम से बात करता था। उसने बताया था कि इंटरनेट के माध्यम से इंटरनेशनल कॉल उसे भेजी जाएंगी। इन्हें लोकल कॉल में बदलकर भारत व अन्य विदेशी स्थानों पर भेजना है। बताया था कि यह काम अवैध है लेकिन इसके लिए उसे मोटा कमीशन दिया जाएगा। इस तरह के काम वह करता आ रहा था। एसएसपी ने बताया कि वर्तमान में वह हर दिन करीब तीन लाख रुपये कमाता था।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें