क्वांसी बाजार में प्रदर्शन के दौरान बदहाल सड़क को दिखाते ग्रामीण।
- फोटो : VIKAS NAGAR
विकासनगर। क्वांसी बाजार में सड़क पर बह रहे पानी के विरोध में गुस्साए व्यापारियों और ग्रामीणों ने लोनिवि (एडीबी) के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया।
लोगों ने आरोप लगाया कि एडीबी द्वारा बनाई गई चकराता-लाखामंडल मोटर मार्ग पर जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं। सड़क के दोनों ओर की नालियां भी चोक हैं। दिनभर नालियों का पानी सड़क पर बहता रहता है। इससे सड़क पर गड्ढे हो गए हैं। काजवे में भी कई जगह सरिया निकल आया है। आए दिन दुपहिया वाहन चालक सड़क पर गिरकर चोटिल हो रहे हैं। रोड की पेंटिंग भी जगह-जगह उधड़ गई है। शिकायत के बाद भी विभाग खस्ताहाल सड़कों की सुध नहीं ले रहा है। यदि शीघ्र ही बदहाल सड़क की मरम्मत नहीं कराई जाती तो लोगों को आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा। प्रदर्शन करने वालों में भागीराम, सरदार सिंह, लाखीराम, सूरत सिंह, जयपाल सिंह, मातबर सिंह, चंदन सिंह, बुलबुल, मोहन सिंह, बलबीर, टीकम सिंह, केशर सिंह, इंदर सिंह शामिल रहे।