उत्तराखंड में उच्च शिक्षा निदेशालय और राज्य के डिग्री कॉलेजों में गैर शैक्षणिक संवर्ग के 1000 खाली पदों पर भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी। प्रदेश सरकार इसके लिए जल्द अधीनस्थ सेवा चयन आयोग को अधियाचन भेजेगी।
शुक्रवार को उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. रावत ने कहा कि निदेशालय और राज्य के डिग्री कॉलेजों में गैर शैक्षणिक संवर्ग के कई पद खाली हैं। इससे कामकाज प्रभावित हो रहा है। राज्य के डिग्री कॉलेजों के प्राचार्यों के साथ होने वाली बैठक में यह मुद्दा उठाया था। अब सरकार का प्रयास है कि शैक्षणिक और गैर शैक्षणिक संवर्ग के पदों को अब शत प्रतिशत भर दिया जाए।
कॉलेजों को देनी होगी छात्र-छात्राओं की जानकारी
प्राचार्यों को अपने-अपने डिग्री कॉलेजोें में छात्र-छात्राओं के साथ ही शिक्षकों की संख्या की जानकारी देनी होगी। उसी आधार पर पद भरे जाएंगे। इसके अलावा छात्र-छात्राओं की संख्या पर ही कॉलेजों को पुस्तकें मुहैया कराने के साथ ही अन्य संसाधन मुहैया कराए जाएंगे।