सत्ता में आते ही मोदी सरकार ने उत्तराखंड को एक खास तोहफा दिया है। पर्यटन को ध्यान में रखते हुए चारधाम राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजना के तहत केंद्र सरकार ने तीन हजार करोड़ की धनराशि जारी कर दी है।
इस धनराशि से परियोजना की ऑल वेदर रोड बनाई जाएगी। चुनाव के पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस परियोजना का शुभारंभ किया था। इसे प्रधानमंत्री की ओर से श्रद्धालुओं के लिए तोहफा माना जा रहा है। इस परियोजना से चारधाम दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं और सैलानियों को बहुत आसानी हो जाएगी।
चारधाम राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजना 12 हजार करोड़ की है। इसमें ऑल वेदर रोड के अलावा भूस्खलन वाले क्षेत्रों में पहाड़ों को बांधने, सड़कों का चौड़ीकरण, सुरंग आदि शामिल हैं। जिस प्रोजेक्ट की डीपीआर बनाकर राष्ट्रीय सड़क, परिवहन एवं भूतल मंत्रालय को भेज दी जाती है, उसकी प्रस्तावित धनराशि को केंद्र स्वीकृत करके जारी कर देता है। ऑल वेदर रोड के संबंध में केंद्र ने धनराशि जारी कर दी है। इससे प्रोजेक्ट पर जल्दी ही काम शुरू हो जाएगा।
इस प्रोजेक्ट के तहत 900 किमी लंबी सड़क बनाई जानी है। इस राजमार्ग में 13 बाईपास, दो सुरंग, 25 बड़े पुल, 125 छोटे पुल और तीन फ्लाई ओवर का निर्माण होना है। इस परियोजना के तहत पहला हाई वे ऋषिकेश से रुद्र प्रयाग तक बनेगा। इसकी अनुमानित लागत 4784 करोड़ रुपये है। दूसरा हाई वे ऋषिकेश से धरासू तक पहुंचेगा। इसके बाद यह मार्ग दो भागों में बंटकर यमुनोत्री और गंगोत्री जाएगा। इसकी लागत 5626.5 करोड़ रुपये आंकी गई है। तीसरा हाईवे टनकपुर से पिथौरागढ़ प्रस्तावित है।
राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजना के पूरा होने से सिख धर्मस्थलों तथा फूलों की घाटी समेत अन्य दर्शनीय स्थलों तक श्रद्धालुओं और सैलानियों का पहुंचना आसान हो जाएगा। राष्ट्रीय राजमार्ग के दोनों तरफ पैदल पट्टी, ट्रकों के ले बाई तथा हेलीपैड जाने के लिए संकेतक लगाए जाएंगे। पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा ने धनराशि जारी किए जाने की पुष्टि की और केंद्र सरकार को धन्यवाद ज्ञापित किया।