बसपा विधानसभा चुनाव में भाजपा और कांग्रेस की नाकामियों को मुद्दा बनाएगी। प्रदेश कार्यालय पर मंगलवार को भारी हंगामे के बीच हुई बैठक में यह फैसला लिया गया। बाकी सीटों पर टिकटों को लेकर अगली बैठक 13 जनवरी को होगी।
शिवालिक नगर स्थित बसपा प्रदेश कार्यालय पर मंगलवार को हुई बैठक में प्रदेश अध्यक्ष भृगुराशन राव ने कहा कि उत्तराखंड में पार्टी की नीतियों पर चुनाव लड़ा जाएगा। जनता को बताया जाएगा कि उत्तराखंड में कांग्रेस और भाजपा ने बारी-बारी से नुकसान पहुंचाया है।
बसपा को मजबूत करने से ही प्रदेश का चहुमुखी विकास हो सकता है। राव ने कहा कि कार्यकर्ता कांग्रेस और भाजपा की नाकामियों को उजागर करें और बसपा की सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय की नीतियां लोगों को बताएं। बैठक में प्रदेश महासचिव नत्थू सिंह, सूरजमल, प्रदेश प्रभारी सुरेश आर्य, चौधरी चरण सिंह, सीपी सिंह, रति राम, सतीश कुमार, भीष्म नारायण, ऋषिपाल गौतम, नाथीराम, डॉ. जसपाल सिंह आदि प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य मौजूद रहे।
हां, पैसे लेने के आरोपों से खराब हो रही छवि
बसपा प्रदेश कार्यालय पर बैठक से पहले टिकट के लिए पैसे लेने के आरोप पर सवाल करने पर प्रदेश अध्यक्ष भृगुराशन राव ने स्वीकार किया कि ऐसे आरोपों से पार्टी की छवि खराब हो रही है। हालांकि हंगामे को लेकर उन्होंने सफाई दी कि यह कांग्रेस के लोगों की साजिश है। इस बारे में पार्टी सुप्रीमो मायावती से बात की जाएगी। पूरे तथ्यों की जांच की जाएगी, यदि पैसे लेने की बात सामने आई तो वापस कराए जाएंगे।