उत्तराखंड की कर्णप्रयाग विधान सभा सीट पर चुनाव अब नौ मार्च को होगा। यहां बसपा प्रत्याशी की मौत के बाद 15 फरवरी को होने वाले चुनाव को स्थगित कर दिया गया है।
बसपा प्रत्याशी 20 फरवरी तक नामांकन कर सकेंगे, वही 21 फरवरी को स्क्रूटनी और 23 को नाम वापसी के लिए अंतिम दिन होगा। इसके बाद नौ मार्च को इस सीट पर मतदान होगा। निर्वाचन आयोग की ओर से इसकी अधिसूचना जारी कर दी गई है।
कर्णप्रयाग सीट पर प्रत्याशी के निधन से स्थगित हुए चुनाव के लिए अब बसपा को नया उम्मीदवार देना होगा। राज्य में ऐसा दूसरी बार है जब प्रत्याशी के निधन से किसी सीट का चुनाव स्थगित हुआ है। 2007 के विधानसभा चुनाव में भी एक प्रत्याशी के निधन के बाद बाजपुर सीट पर चुनाव टल गया था।
निर्वाचन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, राष्ट्रीय पार्टी के प्रत्याशी की मृत्यु की स्थिति में चुनाव आयोग नई अधिसूचना जारी करेगा। इसके तहत बसपा को ही जारी अधिसूचना के एक हफ्ते के भीतर अपना उम्मीदवार देना होगा। हालांकि नया प्रत्याशी देने के बाद छंटनी और नाम वापसी की पूरी प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
बाकी प्रत्याशी यथावत रहेंगे। बसपा प्रत्याशी कुलदीप सिंह के निधन के बाद अब कर्णप्रयाग सीट पर आठ प्रत्याशी रह गए हैं। बसपा प्रत्याशी के नामांकन दाखिल होने की प्रक्रिया के बाद प्रचार के लिए 14 दिन मिलेंगे और उसके मतदान होगा।