फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अमर उजाला एक्सक्लूसिव: देहरादून में बीएसएनएल का केंद्र बंद, बैंक-एटीएम ठप, लोग हुए परेशान

Wed, 27 Nov 2019 08:47 AM IST
Nirmala Suyal Nirmala Suyal न्यूज डेस्क, अमर उजाला, देहरादून

सार

  • रायपुर, लाडपुर और सहस्त्रधारा रोड पर चार दिन से बीएसएनएल की इंटरनेट सेवाएं बंद
  • क्षेत्र के सभी बैंकों में कामकाज हुआ ठप, पैसा निकालने को भटक रहे हैं लोग
  • बैंक कर्मचारी शहर की दूसरी शाखाओं में जाकर रात-रात को कर रहे हैं डाटा अपडेट
विज्ञापन
बीएसएनएल - फोटो : PTI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

शहर के घनी आबादी वाले तीन इलाकों में बीएसएनएल का टावर ठप हो गया है। इस वजह से बैंक ठप हो गए। लोगों के फोन काम नहीं कर रहे हैं। चार दिन से लोग बैंकों के चक्कर काट रहे हैं। कई जगह बीएसएनएल के इंटरनेट से चलने वाले एटीएम भी ठप पड़े हुए हैं।

विज्ञापन


सहस्त्रधारा रोड, लाडपुर और रायपुर में संचार सेवाएं देने वाला बीएसएनएल का दूरभाष केंद्र कई दिनों से बंद पड़ा है। इस केंद्र से इस इलाके के पंजाब नेशनल बैंक, इलाहाबाद बैंक सहित तमाम बैंकों के सर्वर चल रहे थे। चार दिन से यह सभी बैंक ठप हो गए हैं। अधोईवाला निवासी अनिल कुमार ने बताया कि वह चार दिन से पीएनबी में ड्राफ्ट बनवाने के लिए भटक रहे हैं, लेकिन उनका ड्राफ्ट कनेक्टिविटी न होने की वजह से नहीं बन पा रहा है।

 

तमाम लोग कनेक्टिविटी की इस समस्या से जूझ रहे हैं। बैंकों के अधिकारियों व कर्मचारियों के लिए भी बीएसएनएल का यह टावर मुसीबत बन गया है। वह बैंक से पैसा निकालने आने वाले ग्राहकों के खातों की जानकारी दूसरे बैंकों में फोन करके पता कर रहे हैं। इसके बाद पैसा दे देते हैं तो रात तक दूसरी शाखाओं में बैठकर पूरा डाटा अपडेट करने में उनके पसीने छूट रहे हैं।

एटीएम से भी नहीं निकल रहा कैश

बीएसएनएल टावर बंद होने की वजह से लोगों को बैंकिंग सुविधाएं तो मिल ही नहीं पा रही हैं, उन्हें एटीएम से पैसा निकालने की सुविधा के लिए भी चक्कर काटने पड़ रहे हैं। ज्यादातर एटीएम ठप हो गए हैं।

इन इलाकों पर पड़ रहा है असर

रायपुर, अधोईवाला, लाडपुर, सहस्त्रधारा रोड और इससे जुड़ी सभी कालोनियां।

फिलहाल राहत के आसार नहीं

बीएसएनएल ने खुद स्वीकार किया है कि उनका केंद्र बंद पड़ा है। खास बात यह है कि अभी इसके खुलने के आसार भी नहीं हैं। लिहाजा, बैंकिंग सेवाएं अभी प्रभावित ही रहने वाली हैं।

दूसरी ब्रांच से नहीं निकाल सकते कैश

बैंकों का नियम यह है कि जिस शाखा में आपका खाता है, उसी से कैश निकाल सकते हैं। इन शाखाओं में कनेक्टिविटी न होने की वजह से कैश निकालने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
 
विज्ञापन

क्या कहते हैं अधिकारी

लाडपुर दूरभाष केंद्र अपरिहार्य कारणों से बंद हो गया है। इस वजह से सहस्त्रधारा रोड, लाडपुर और रायपुर की संचार सेवाएं एक सप्ताह तक बंद रहेंगी, जिसका हमें खेद है।
-पीके शर्मा, सहायक महाप्रबंधक(प्रशासन), बीएसएनएल

हमारा सर्वर बीएसएनएल के टावर से चलता है। टावर ठप होने की वजह से सर्वर बंद पड़ा हुआ है। वीसैट से जोड़ने का प्रयास सफल नहीं हो पाया है। हम भी कनेक्टिविटी का इंतजार कर रहे हैं।
-केएस तोमर, मुख्य महाप्रबंधक, पीएनबी अधोईवाला

सर्वर ठप होने की वजह से काफी बुरी तरह से प्रभावित हो रहा है। हम वीसैट से कनेक्ट कर रहे हैं लेकिन काम सुचारू नहीं हो पा रहा है। इससे ग्राहकों को भी परेशानी हो रही है।
-एसएस नेगी, मुख्य महाप्रबंधक, इलाहाबाद बैंक, अधोईवाला

क्या कहती है जनता

मैं कई दिन से पैसा निकालने के लिए बैंक के चक्कर काट रहा हूं। बैंक लगातार कनेक्टिविटी न होने की बात कहता है। अब हम कहां जाएं?
-खड़ग सिंह रावत, क्षेत्रीय निवासी

बैंक का सर्वर ठप पड़ा हुआ है। हमारा पैसा तो फंसा रह गया। अब जरूरत है लेकिन पैसा नहीं निकाल पा रहे हैं। इसका तत्काल इंतजाम होना चाहिए।
-सूरजपाल सजवाण, क्षेत्रीय निवासी
 
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें