पत्रकारो से वार्ता करते इडियन ऑयल कार्पोरेशन लिमिटेड के सीडीआरएसएम मनोज कुमार जयंत
देशभर में एक अप्रैल से बीएस-6 ईंधन का इस्तेमाल किया जाना है। इसके मद्देनजर उत्तराखंड में इंडियन ऑयल ने बीएस-6 ईंधन की आपूर्ति शुरू कर दी है। रुड़की और लालकुआं स्थिति डिपो से इसकी सप्लाई पेट्रोल पंपों को की जाएगी।
निंबूवाला स्थिति आईओसी के कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड के मुख्य मंडल रिटेल सेल्स प्रबंधक और राज्य स्तरीय समन्यवक तेल उद्योग मनोज कुमार जयंत ने कहा कि अप्रैल से बीएस-6 मानक की गाड़ियों का रजिस्ट्रेशन होना है। इसलिए इस मानक के ईंधन की आपूर्ति की जानी है। उत्तराखंड में कंपनी ने इस ईंधन की आपूर्ति शुरू कर दी है। अभी पेट्रोल पंपों पर बीएस-4 मानक के ईंधन का काफी स्टॉक है, जिसके खत्म होते ही सभी पेट्रोल पंपों पर बीएस-6 ईंधन मिलना शुरू हो जाएगा।
इसके अलावा सिटी गैस वितरण योजना के तहत ऊधमसिंह नगर, नैनीताल, हरिद्वार एवं देहरादून में काम किया जाना है। जिसके तहत घरों में पीएनजी की आपूर्ति, वाहनों के लिए सीएनजी की आपूर्ति और छोटी औद्योगिक इकाईयों के लिए पीएनजी की आपूर्ति शुरू की जानी है। योजना का प्रारंभिक चरण का कार्य शुरू हो चुका है। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के बारे में बताया कि मार्च 2020 तक आठ करोड़ एलपीजी कनेक्शन दिए जाने का लक्ष्य था जो सितंबर 2019 तक पूरा हो चुका है। जबकि बायो डीजल के लिए भी नीति निर्धारित कर दी गई है।