रुड़की शहर के सोलानीपुरम में बुखार से शिक्षिका की मौत के बाद रविवार की शाम उनके भाई की भी मौत हो गई। मामले में स्वाइन फ्लू की आशंका जताई जा रही है।
सोलानीपुरम निवासी प्राथमिक विद्यालय की शिक्षिका की कुछ दिन पहले बुखार से मौत हो गई थी। मामले में स्वाइन फ्लू की आशंका जताई गई थी, हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हो सकी। अब तीन दिन बाद शिक्षिका के भाई की भी उपचार के दौरान मौत हो गई।
क्षेत्रीय सभासद रमेश जोशी के अनुसार शिक्षिका के भाई को उपचार के लिए पहले दून ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जवाब दे दिया। इसके बाद नोएडा के अस्पताल में उन्हें भरती कराया गया था, जहां उनकी रविवार की शाम मौत हो गई।
सोमवार को रुड़की में उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। मालूम हो कि इससे पहले सिविल अस्पताल में स्वाइन फ्लू के तीन मामले और डेंगू के सात मामले सामने आ चुके हैं।