पटेलनगर थाना क्षेत्र में देहराखास से देवऋषि एन्क्लेव तक बुधवार शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब थाना परिसर से महज करीब 150 मीटर की दूरी पर स्थित देवऋषि एन्क्लेव में घर के भीतर घुसकर एक कारोबारी की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। दिनदहाड़े हुई इस वारदात की खबर जैसे ही इलाके में फैली, देखते ही देखते सैकड़ों लोग मौके पर जमा हो गए। पुलिस की मौजूदगी के बावजूद इतनी नजदीक हुई हत्या ने स्थानीय लोगों में दहशत पैदा कर दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शाम करीब पांच बजे अचानक चीख-पुकार सुनाई दी। कुछ ही देर में यह खबर फैल गई कि बदमाशों ने घर के अंदर घुसकर एक व्यक्ति पर ताबड़तोड़ हमला कर हत्या कर दी। सूचना मिलते ही देहराखास से लेकर देवऋषि एन्क्लेव तक अफरातफरी का माहौल बन गया। आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए, जबकि कई लोग छतों और बालकनी में खड़े होकर घटनास्थल की ओर देखते रहे। लोगों के चेहरों पर भय और असुरक्षा साफ दिखाई दे रही थी।
घटना की सूचना मिलते ही पटेलनगर थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने जांच शुरू कर दी और फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि थाना इतनी कम दूरी पर होने के बावजूद बदमाशों का इस तरह घर में घुसकर हत्या कर फरार हो जाना कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
-
लोग बोले- आए थे तीन हमलावर
पुलिस ने एक हमलावर रोहन प्रजापति को हिरासत में लिया है। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने बताया कि तीन लोग आए थे। पड़ोसियों ने दो और संदिग्ध लोगों को उस घर के बाहर देखा था जिसके अंदर कारोबारी दीपक की हत्या हुई है। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि एक हमलावर ने चाकू से वार कर दीपक की हत्या की है जिसे हिरासत में लिया गया है। हालांकि पुलिस टीमें आस-पास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही हैं। सीओ अंकित कंडारी ने कहा कि कोई भी आरोपी बच नहीं पाएगा। सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही हैं जो जानकारी सामने आएगी उस आधार पर कार्रवाई की जाएगी।