देहरादून। सेना की पश्चिमी कमान के गोल्डन की डिवीजन की ओर से 18 फ रवरी को देहरादून में पदरोहण समारोह का आयोजन किया जाएगा। समारोह में बहादुर और साहसिक सैनिकों को सम्मानित किया जाएगा। मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद पश्चिमी कमान के जीओसी इन चीफ लेफ्टिनेंट जनरल आरपी सिंह पदक प्राप्त करने वाले सैनिकों को सम्मानित करेंगे।
इस दौरान कुल 7 विशिष्ट सेवा मेडल, 32 सेना मेडल और प्रतिष्ठित सेवा के लिए 2 सेना मेडल प्रदान किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त पश्चिमी कमान की सर्वश्रेष्ठ 16 यूनिट को जनरल ऑफिसर कमांडिंग इन चीफ पश्चिमी कमान द्वारा प्रशंसा पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। समारोह के बारे में बोलते हुए सेना के प्रवक्ता ने कहा कि भारतीय सेना एकता और संप्रभुता कायम रखने में देश की प्रमुख संस्था के रूप में अपने सदाचार, अनुशासन और कार्यक्षमता के लिए पुरे देश में एक आदर्श रही है। पश्चमी कमान भारतीय सेना की सबसे बड़ी सामरिक कमान है और जम्मू और कश्मीर के कुछ सीमांत क्षेत्र के साथ-साथ देश के पश्चिमी प्रदेशों की सीमाओं की सुरक्षा करता है। दून घाटी की भूमिका देश की रक्षा में अग्रणी रही है जो की पूरे देश के लिए आदर्श सैनिक और युद्ध वीर देने में सर्वोपरि है। यही कारण है की उत्तराखंड के देहरादून को पदरोहण समारोह के लिए चुना गया है।