वैसे तो इश्क में डूबा हर प्रेमी जोड़ा अपनी मंजिल (शादी) तक पहुंचने के लिए पूरे जहां से बगावत कर बैठता है, लेकिन ये भी सोलह आने सच नहीं है। एक प्रकरण ऐसा भी सामने आया है जहां प्रेमी ने सरकारी नौकरी लगते ही नौ साल के अपने प्रेम के रिश्ते को झटके में तोड़ दिया। हताश प्रेमिका की फरियाद पर अब ऐच्छिक ब्यूरो काउंसिलिंग में जुटी है।
ये प्रेमी जोड़े की कहानी बहादराबाद क्षेत्र के एक गांव की है। एक ही बिरादरी से ताल्लुक रखने वाला प्रेमी जोड़ा ठीकठाक घर से ताल्लुक रखता है। उनकी आपस में रिश्तेदारी भी है। करीब नौ साल पहले दोनों की आंखें चार हुई थी। तब से इनके बीच प्यार अब कुछ माह पहले तक पनप रहा था।
एम टेक की पढ़ाई कर चुकी युवती से शादी के बंधन में बंधने की कई बार कसम खा चुके प्रेमी ने स्वास्थ्य विभाग में उच्च पद पर नौकरी लगते ही उससे रिश्ता खत्म कर लिया। उधमसिंह नगर के काशीपुर शहर में तैनात प्रेमी के मुकरने पर आहत प्रेमिका ने चुप बैठना ठीक न समझा बल्कि आवाज उठाई।
परिजन को विश्वास में लेकर पुलिस महकमे का दरवाजा खटखटाया। ऐच्छिक ब्यूरो में शनिवार को प्रकरण की सुनवाई भी हुई, पर कोई परिणाम नहीं निकल सका। युवती अब शादी की बात पर अड़ी है, पर प्रेमी युवक ने अपने कदम पीछे खींच लिए हैं। नगर पुलिस अधीक्षक ममता वोहरा की मानें तो काउंसिलिंग करा रहे है। युवती ने प्रेमी प्रसंग के साक्ष्य पेश किए है, ऐसे में युवक के खिलाफ कार्रवाई होना तय है।