रानीपोखरी क्षेत्र में स्कूल बस चालक की लापरवाही से प्लेग्रुप का एक मासूम छात्र चलती बस से नीचे गिर गया। हैरत की बात यह कि घटना से अनजान चालक बस लेकर आगे बढ़ गया।
गनीमत रही कि जंगल से गांव की ओर आ रही कुछ महिलाओं ने घायल बच्चे को सड़क से उठाकर उसके घर पहुंचाया। मामला कोतवाली पहुंचा, जहां जनप्रतिनिधियों के हस्तक्षेप के बाद सुलझा लिया गया।
किराए के मकान में रहता है परिवार
मस्ता सिंह कुमाई भट्टनगरी में रुकमणी देवी के मकान में परिवार सहित किराए पर रहते हैं। उनका पांच वर्षीय पुत्र सुमीत डांडी क्षेत्र में आर्यन विद्या मंदिर स्कूल में प्लेग्रुप का छात्र है। बताया जा रहा है अपराह्न छुट्टी के बाद सुमित स्कूल बस से रोज की तरह घर आ रहा था।
चालक को पता ही नहीं चला
आरोप है कि बस चालक की लापरवाही के चलते घर से करीब तीन सौ मीटर पहले छात्र चलती बस से नीचे गिर पड़ा। बेपरवाह चालक को घटना का आभास तक नहीं हुआ और वह आगे बढ़ गया।
महिलाओं ने उठाया रोते हुए बच्चे को
बस से गिरने से छात्र घायल हो गया और लावारिस हालत में सड़क पर कराहता रहा। तभी जंगल से लौट रही कुछ महिलाओं की नजर उस पर पड़ी। उन्होंने बच्चे को सड़क से उठाकर उसके घर पहुंचाया। इसके बाद बच्चे के पिता उसे लेकर चिकित्सक के पास पहुंचे।
थाने पहुंचे परिजन
बताया जा रहा है कि स्कूल प्रबंधन और बस चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर बालक के परिजन रानीपोखरी थाने गए। जहां जनप्रतिनिधियों ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों के बीच समझौता करवा दिया। उधर, मामले में स्कूल के प्रिंसिपल से मोबाइल पर कई बार संपर्क साधा, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका।
पहले भी हो चुकी है लापरवाही
गर्मी के दिनों में इसी स्कूल की ओर से बच्चों का दल पिकनिक के लिए लच्छीवाला पिकनिक स्पॉट गया था। जहां नदी में डूबने से एक बालक की मौत हो गई थी। उस वक्त स्कूल प्रशासन की लापरवाही सामने आयी थी। हालांकि उस वक्त भी मामला रफा-दफा हो गया था।
इनकी सुनिए
हादसा जानबूझकर नहीं किया गया। जिस समय कुछ बच्चे स्कूल बस से उतर रहे थे, उस समय सुमित बस से अचानक नीचे गिर पड़ा। चालक बच्चे का उपचार कराएगा। इस बात पर समझौता हुआ है। आगे से ऐसी लापरवाही न हो, इस बाबत स्कूल प्रबंधन से भी बात की जाएगी।
- पंकज यादव, प्रधान, रानीपोखरी