बुटीक संचालिका कामना रोहिल्ला की हत्या और जानलेवा हमले में आरोपी बनाए गए रिंकू एक साल से कोर्ट में पेश नहीं हो रहा है। डालनवाला में वर्ष 2014 में छह युवकों ने धारदार हथियारों से हमला कर नितिन की हत्या कर दी गई थी। हत्या में रिंकू को भी आरोपी बनाया गया था। अक्तूबर 2018 से रिंकू कोर्ट में पेश नहीं हो रहा है। तब से पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
कामना को नहीं ले गए अस्पताल
जांच में पता चला है कि घटना की सूचना के बाद परिजन अशोक रोहिल्ला को तो अस्पताल ले गए, लेकिन कामना को अस्पताल नहीं ले जाया गया। बाद में मौके पर पहुंचा कामना का भाई अमन उसे अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां उसे डॉक्टरों ने मृत घोषित किया। इस बात को लेकर कामना के परिजनों में नाराजगी है।
रकम डूबने से सदमे में कई लोग
बुटीक संचालिका कामना रोहिल्ला की हत्या के साथ लाखों रुपये की रकम का निवेश करने वाले दहशत में है। पुलिस सूत्रों के अनुसार बुटीक और सैलून में साझेदारी बताई गई है। रोहिल्ला परिवार की किट्टी से भी काफी लोग जुडे़ हुए थे, जिनकी रकम वापस होने की उम्मीद अब टूट गई है। कई लोगों ने पुलिस से बातचीत में रकम डूबने की बात साझा की है।
बुटीक संचालिका की हत्या के मामले में रिंकू और घटना के चश्मदीद घायल अशोक से पूछताछ के बाद पूरी तस्वीर साफ हो पाएगी। पूरा फोकस रिंकू को पकड़ने पर है। कुछ अन्य पहलुओं पर भी जांच पड़ताल चल रही है। अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगा।
-अरुण मोहन जोशी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक