-आयकर विभाग के कर्मचारी ने कार बेचने वाले पर दर्ज कराया मुकदमा
ओएलएक्स पर कार का विज्ञापन देखकर कार खरीदी और इसके चार दिन बाद ही यह जलकर नष्ट हो गई। कार खरीदने वाले आयकर विभाग के कर्मचारी ने अब विक्रेता के खिलाफ धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि कार में मौजूद खराबियों को छुपाकर इसे बेचा गया। साथ ही इसके इंजन नंबर पर भी दूसरा नंबर लगाया गया था।
डालनवाला थाने में अजय मीणा निवासी सुभाष रोड ने शिकायत की है। इंस्पेक्टर राकेश गुसाईं ने बताया कि अजय मीणा ने नवंबर में ओएलएक्स पर एक कार का विज्ञापन देखा था। इस कार को जुनैद निवासी छुटमलपुर बेच रहा था। कार को उन्होंने एक नजर देखने के बाद ढाई लाख रुपये में खरीद लिया। उन्होंने 22 नवंबर 2023 को कार छुटमलपुर से लाने के बाद घर में खड़ी कर दी। इसके चार दिन बाद वह कार लेकर बाजार जाने लगे। पहले तो कार स्टार्ट ही नहीं हुई। उन्होंने धक्का लगवाकर कार स्टार्ट की तो कुछ दूर चलते ही इंजन से धुआं निकलने लगा। उन्होंने कार सड़क किनारे खड़ी कर दी। कुछ देर बाद देखा तो पता चला कि कार पूरी तरह जल चुकी थी। उन्होंने पुलिस को बताया कि इस कार के तमाम हिस्सों में खराबी पहले ही थी। इसे विक्रेता जुनैद ने उनसे छिपाया। यही नहीं इस कार के इंजन को खुरचकर इस पर दूसरा नंबर लगाया गया है। इंस्पेक्टर गुसाईं ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।