कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी को धन-त्रयोदशी पर्व मनाया गया। इस दिन यहां दिवाली से पहले ही धनवर्षा हो गई।
मंगलवार को धनतेरस पर देहरादून के बाजारों में जमकर धनवर्षा हुई। ऑटो सेक्टर, सराफा, कपड़ा, इलेक्ट्रॉनिक्स और बर्तनों के कारोबार में उछाल देखने को मिला। दून में एक ही दिन में लोगों ने 250 करोड़ रुपये से अधिक की खरीदारी कर डाली। सुबह 11.40 से दोपहर 12.26 बजे तक अभिजीत मुहूर्त में बाजार में विशेष रौनक रही।
धनतेरस पर खरीदारी के लिए बाकायदा ज्योतिषियों से राय ली गई और शुभ समय में अलग-अलग आइटम्स खरीदे गए। वाहन, जेगर-गहने, गैजेट्स, खाद्यान्न, इलेक्ट्रानिक आइटम्स, मोबाइल और घरेलू उपयोग के सामान की खरीदारी शुभ मुहूर्त के अनुसार ही की गई।
कुमाऊं में नोटबंदी और उसके बाद जीएसटी के हव्वे को पीछे छोड़ बाजार ने उम्मीदों की उड़ान भरी। दोपहिया और चौपहिया वाहनों की बंपर बिक्री हुई तो सर्राफा और इलेक्ट्रनिक्स वस्तुओं के बाजार पर भी जमकर धन बरसा। कुमाऊं मंडल करीब 6000 दुपहिया वाहनों की बिक्री हुई है। हल्द्वानी, रुद्रपुर, काशीपुर, खटीमा, पिथौरागढ़, चंपावत, अल्मोड़ा जैसे प्रमुख शहरों में कुल मिलाकर लगभग 225 करोड़ का कारोबार हुआ। पूरे कुमाऊं में यह आंकड़ा 300 करोड़ से ऊपर पहुंचने का अनुमान है।