सब-टीवी पर आने वाले कॉमेडी सीरियल्स एफआईआर और लापतागंज के कलाकार शुक्रवार को दून में थे। एक ओर जहां वे लोग उत्तराखंड में अपनी बढ़ती लोकप्रियता के लिए धन्यवाद देने पहुंचे थे तो साथ ही यह जानकारी भी कि अब एफआईआर के लिए ऑडीशन शुरू हो रहे हैं।
शुक्रवार को हरिद्वार रोड स्थित एक होटल में पत्रकारों से बातचीत करते हुए सब-टीवी के बिजनेस प्रमुख अनुज कपूर ने बताया कि पिछले चार महीनों में सब-टीवी में आने वाले कार्यक्रमों के प्रति उत्तराखंड की लोकप्रियता बहुत बढ़ी है।
यही वजह है कि पहली बार सब-टीवी की टीम दून पहुंची है। उन्होंने बताया कि एफआईआर सीरियल में अब कुछ नए लोगों को मौका दिया जाएगा। यही वजह है कि इसके लिए ऑडीशन शुरू किए जाएंगे।
डालिए वीडियो बनिए एक्टर
अपने तकिया-कलाम के साथ कोई भी व्यक्ति सब टीवी डॉट कॉम की वेबसाइट पर जाकर अपना वीडियों डाल सकता है। जल्द ही फेसबुक पर भी अलग से पेज डाउनलोड किया जाएगा। उससे भी लोग लिंक ले सकते हैं।
अनुज ने बताया कि मसूरी उनकी फेवरेट जगह है। कोशिश की जाएगी कि उत्तराखंड की खूबसूरत वादियों में भी शूटिंग की जाए।
लोगों को हंसा गए भल्ला
इस मौके पर एफआईआर में आने वाले गोपी भल्ला ने अपने अंदाज में कहा ‘वट इज द नेम इज द, दून का ट्रैफिक चेंज इज द, यहां की लड़कियां अगर लच्छी रोटी इज द तो मैं हूं परांठा इज द’।
उन्होंने यहां पर सभी को खूब हंसाया। लापतागंज के बिजी पांडे (अब्बास खान) और सुरीली (अदीति तेलंग) ने भी अपने अंदाज पेश कर उपस्थित लोगों को हंसाया।
रामलीला में लड़की बनकर लगाता था ठुमके
गोपी भल्ला ने एफआईआर से खूब नाम कमा लिया। उनका तकिया-कलाम इज द सभी की जुबान पर है। लेकिन पहले तक गोपी रामलीला में लड़की बनकर ठुमके लगाते थे।
गोपी ने बताया कि वह पंजाब के नाभा से हैं। वहां वे रामलीला में लड़की बनकर रावण के सामने नाचते थे। इस पर घर वाले अक्सर उन्हें पीट देते थे और कहते थे कि बनना ही है तो राम बन, हनुमान बन, कोई ढंग का किरदार निभा।
जसपाल संग किए शो
क्या ये लड़की बनकर ठुमके लगाता है। लेकिन फिर भी वो छिपकर घर से भाग ही निकलते थे। इसके बाद उन्होंने जीटीवी के लिए अमानत सीरियल में काम किया। जसपाल भट्टी के साथ कई शो किए।
सोनी के लिए माही वे सीरियल किया। पिछले आठ सालों से वे सब-टीवी के एफआईआर के साथ क्या जुड़े, इसी के होकर रह गए। उन्हें कॉमेडी और भावुकता वाले रोल करना बेहद पसंद है।
लड़ाना नहीं चाहता था, इसलिए कर ली वकालत से तौबा
मैं लोगों को लड़ाना नहीं बल्कि हंसाना चाहता हूं। तभी मैंने लॉ पूरी करने के बाद वकालत करने से तौबा कर ली। लापतागंज में बीजी पांडे की भूमिका निभा रहे अब्बास खान ने ऐसा कहा।
अब्बास ने बताया कि वे लखनऊ से हैं। अब्बास ने बताया कि अब्बा के कहने पर उन्होंने लॉ किया हालांकि शौक शुरू से ही एक्टिंग करने का ही रहा।
लॉ के बाद किया थियेटर
लॉ पूरा करते ही अब्बा से इजाजत लेकर थियेटर किया। फिर बेस्ट-सिनेस्टार की खोज में भाग लिया और सेलेक्ट हो गया। हंसने-हंसाने में उन्हें शुरू से ही मजा आता है। इसलिए वे लापतागंज के साथ खुश हैं हालांकि नेगेटिव रोल करना भी उनकी पसंद है।
इससे पहले वे अस्तित्व एक प्रेम कहानी, जर्सी नंबर-10, मोहल्ला मोहब्बत वाला आदि सीरियल में काम कर चुके हैं। दून का मौसम अब्बास को खूब भाया। उन्होंने कहा यहां की आबो-हवा में अजब सा सुकून है।
दून लगता है बेहद प्यारा
लापतांगज में बीजी पांडे के साथ रोल निभा रही सुरीली यानी अदीति तेलंग ने बताया कि उन्होंने मॉस कम्युनिकेशन का कोर्स किया है। उनकी पैदाइश मध्य प्रदेश के जबलपुर से है। हालांकि पढ़ाई दिल्ली और मुंबई से हुई है।
इससे पहले उन्होंने स्टार प्लस के लिए गुलाल सीरियल में काम किया है। इमेजिन के लिए बाबा ऐसो वर ढूंढो सीरियल में लीड रोल और चैनल वी के लिए गुमराह किया है।
अक्सर आती हैं दून
इसके बाद अब तीन महीनों से लापतागंज में सुरीली की भूमिका निभा रही है। अदीति ने बताया कि वे परिवार के साथ अक्सर दून आती हैं और ये शहर उन्हें बड़ा प्यारा लगता है।