काशीपुर में रुद्रपुर रोड स्थित गौतमी हाइट होटल में पार्टी के दौरान कॉफी मशीन में तेज धमाका हो गया। इस दौरान करीब सात लोग घायल हो गए।
होटल में धमाके से अफरातफरी मच गई। घायलों को प्राइवेट अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। शहर निवासी कुश अग्रवाल की सगाई की पार्टी शनिवार रात रुद्रपुर रोड स्थित गौतमी हाइट होटल में चल रही थी। देर रात करीब पौने 12 बजे कॉफी मशीन में अचानक धमाका हुआ। जिससे पूरा होटल हिल गया।
धमाके की आवाज से होटल सभागार के कई खिड़कियों के शीशे टूटकर बिखर गए। शीशे के टुकड़े लगने से कुश अग्रवाल और उनके रिश्तेदारों समेत सात लोग घायल हो गए। घायलों को तत्काल प्राइवेट अस्पतालों में ले जाया गया। सूचना मिलने पर सीओ जीसी टम्टा, एसओ आईटीआई थाना धर्मवीर भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।