ब्लैक फंगस से संक्रमित सभी मरीजों का एक ही अस्पताल में उपचार किया जाए। उन्हें अलग-अलग अस्पतालों में न रखा जाए। इससे अन्य मरीजों भी संक्रमण फैलने का खतरा रहेगा। वीडियो कॉन्फ्रेन्सिंग के माध्यम से अधिकारियों की बैठक लेते हुए देहरादून के जिलाधिकारी डॉ. आशीष कुमार श्रीवास्तव ने इसके निर्देश दिए। उन्होंने सीएमओ को कहा कि ब्लैक फंगस के रोगियों का पूरा ब्योरा जुटा लिया जाए।
सोमवार को बैठक लेते हुए उन्होंने जिले में रोजाना 10 हजार से अधिक सैंपल लेने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि होम आइसोलेशन के बावजूद बड़ी संख्या में लोगों के अनावश्यक इधर-उधर घूमने की शिकायतें मिल रही हैं। ऐसा करने वालों का ब्योरा तैयार कर कार्रवाई की जाए। चकराता में सात, त्यूणी में चार, कालसी में चार, रायपुर में आठ, सहसपुर में नौ और डोईवाला में आठ लोग एंटीजन टेस्ट के बाद पॉजिटिव पाए गए हैं। आंगनबाड़ी ने सोमवार को 59417 लोगों को कम्यूनिटी सर्विलांस किया। इनमें 246 संक्रमण के लक्षण पाए गए।
दून में एक लाख से ज्यादा हो चुके संक्रमित
राजधानी दून में कोरोना से एक लाख से ज्यादा लोग संक्रमित हो चुके हैं। सोमवार को 810 नए मामले सामने आने के साथ ही कुल संक्रमितों की संख्या 101007 पहुंच गई है। दूसरी लहर के दौरान इनमें तेजी से बढ़ोतरी हुई है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि सोमवार को 7180 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं।