भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री व प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम ने कहा है कि उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में भाजपा 60 सीटें जीत कर राज्य में दोबारा सरकार बनाकर इतिहास रचेगी।
गौतम शनिवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश पदाधिकारियों, राज्य सरकार के मंत्रियों, विधायकों व दायित्वधारियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी देश के सबसे लोकप्रिय प्रधानमंत्री हैं। उनके नेतृत्व और कार्यों को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराहा जा रहा है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि हमारी पार्टी का गठन केवल सत्ता हासिल करने के लिए नहीं हुआ है। पार्टी का विचार राष्ट्र को सर्वोपरि मानते हुए देश सेवा और समाज सेवा है। यह बात कोरोनाकाल में स्पष्ट रूप से दिखाई दी। जब हमारे कार्यकर्ता आम जनता के साथ खड़े रहे।
उत्तराखंड सरकार बहुत अच्छा कार्य कर रही है। सभी कार्यकर्ताओं केंद्र व प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाना है। प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत ने कहा उत्तराखंड भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता हर वक्त चुनाव के लिए तैयार रहता है।
उत्तराखंड में भाजपा 2022 में विकास के नाम पर चुनाव लड़ेगी। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार ने किया। कार्यक्रम में मंच पर प्रदेश महामंत्री राजेंद्र भंडारी, राज्यसभा सदस्य नरेश बंसल, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. धन सिंह रावत उपस्थित थे। बैठक में विधायक, प्रदेश पदाधिकारी व दायित्वधारी उपस्थित रहे।
इस बार दूर कर देंगे भ्रांति : भगत
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत ने कहा कि 2022 के विधानसभा चुनाव में पार्टी इस भ्रांति को दूर कर देगी कि प्रदेश में एक बार भाजपा और दूसरी बार कांग्रेस की सरकार बनती है। उन्होंने कहा कि भाजपा लगातार दूसरी बार प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता पर काबिज होगी। उन्होंने पार्टी प्रभारी व सह प्रभारी को चुनाव में जीत को लेकर आश्वस्त किया है।
कार्यकर्ताओं को 2022 के विधानसभा चुनाव के लिए कमर कस लेनी चाहिए। हाल ही में बिहार सहित देश में 11 राज्यों में हुए चुनाव में भाजपा का परचम लहराया। हमें मिलकर उत्तराखंड में भी पुन: विजय प्राप्त करनी है।
-
रेखा अरुण वर्मा, प्रदेश सह प्रभारी, भाजपा
दूसरे सत्र में हुई परिचयात्मक बैठक
दूसरे सत्र की बैठक में महानगर व जिला देहरादून के पदाधिकारी व जनप्रतिनिधि शामिल हुए। प्रदेश प्रभारी, सह प्रभारी व प्रदेश अध्यक्ष ने संबोधित किया। इस परिचयात्मक बैठक में केंद्रीय व प्रदेश नेतृत्व के साथ महानगर अध्यक्ष सीताराम भट्ट व जिला अध्यक्ष शमशेर पुंडीर उपस्थित रहे।