देहरादून। धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी नगर मंडल में बृहस्पतिवार को दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला की शुरुआत हुई।
जीएमएस रोड स्थित माया फार्म हाउस में प्रशिक्षण कार्यशाला का शुभारंभ करते हुए मुख्य अतिथि डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य कार्यकर्ताओं में अनुशासन, संस्थापकों के मार्गदर्शन, उद्देश्यों व संदेश को कार्यकर्ताओं तक पहुंचाना है। महानगर अध्यक्ष सीताराम भट्ट ने कहा कि भाजपा एक अनुशासित पार्टी है, जिसका प्रत्येक कार्यकर्ता और पदाधिकारी इसको मजबूत करने के लिए दिन रात मेहनत करता है। प्रशिक्षण शिविर कार्यक्रम में सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों की भी जानकारी दी जाएगी। मंडल अध्यक्ष पूनम ममगाईं ने बताया कि पहले दिन चार चरणों में प्रशिक्षण हुआ। दूसरे सत्र में राज्य मंत्री रविंद्र कटारिया, तीसरे सत्र में प्रदेश मीडिया प्रभारी डॉ. देवेंद्र भसीन और चौथे सत्र में पूर्व प्रदेश संगठन मंत्री कैलाश चंद्र शर्मा ने कार्यकर्ताओं से संवाद किया।