अमर उजाला से फोन पर हुई बातचीत में चैंपियन ने बताया कि तहरीर में उन्होंने कहा कि वे 13 जून को दिल्ली के उत्तराखंड सदन के कमरा नंबर 204 में ठहरे थे। तभी दोपहर करीब एक बजे एक टीवी चैनल के पत्रकार पहुंचे और कहा कि आप राजा हैं और बहुत पैसा खर्च करते हैं। क्यों नहीं कुछ पैसा हम पत्रकारों को बांटते। कहा कि तुम्हारी गाड़ी की न्यूज हमने ही चलवाई है और तुम्हारा इलाज कर देंगे।
इस पर उन्होंने पत्रकार को बाहर जाने और शिकायत चैनल मालिक से करने की बात कही। उनका आरोप है जब कार्यालय के मुख्य व्यवस्था अधिकारी को कमरा खाली कर चाबियां सौंपने गए तो पत्रकार ने फिर से अभद्रता शुरू कर दी। इस पर वे कुर्सी से उठ हो गए और पत्रकार को डराने के लिए बाहर निकलने का इशारा किया। उन्होंने कहा कि न्यूज चैनल में वीडियो में हाथ उठाने का जो दृश्य दिखाया जा रहा है, वह पूरी तरह गलत है।
पत्रकार धन उगाही की नीयत से आया था। लिहाजा अपने कैमरामैन से कहकर कैमरा ऑन करा लिया था। चैंपियन का कहना है कि मेरी सामाजिक और राजनैतिक प्रतिष्ठा धूमिल करने के लिए ऐसा किया गया है। मैंने न हथियार दिखाया और न धमकी दी। वहीं, उन्होंने कहा कि उप मुख्यमंत्री बनने के लिए वे अजमेर शरीफ में जियारत करने और चादर चढ़ाने राजस्थान जा रहे हैं।