देहरादून-मसूरी मार्ग स्थित मसूरी झील के पास शनिवार को हुए सड़क हादसे में घायल चार लोगों को मसूरी विधायक गणेश जोशी ने देहरादून के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने प्रारंभिक उपचार के बाद घायलों को छुट्टी दे दी।
देहरादून निवासी प्रदीप बदानी शनिवार को कार से परिवार के चार सदस्यों के साथ मसूरी से देहरादून लौट रहे थे। मसूरी झील के पास कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में कार सवार सभी लोग जख्मी हो गए। इसी बीच मसूरी में आयोजित एक कार्यक्रम से लौट रहे मसूरी विधायक गणेश जोशी की नजर घायलों पर पड़ी।
उन्होंने आनन-फानन सुरक्षाकर्मियों की मदद से लोगों को कार से बाहर निकाला और अपने वाहन से देहरादून स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने घायलों का इलाज करने के बाद सभी को छुट्टी दे दी। मदद के लिए प्रदीप बधानी ने विधायक जोशी का आभार जताया है।