फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पाकिस्तान जाना चाहते हैं महानायक के परिजन, मंत्री ने सीएम योगी को लिखा भावुक पत्र

Tue, 25 Sep 2018 05:28 AM IST
न्यूज डेस्क/अमर उजाला, देहरादून
विज्ञापन
हरक सिंह रावत - फोटो : AmarUjala
विज्ञापन

स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय वीरचंद्र सिंह गढ़वाली के परिजनों को वन विभाग की जमीन खाली कराने को लेकर डीएफओ की ओर से नोटिस जारी किए जाने के बाद सरकार हरकत में आ गई है।

विज्ञापन


प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए वन मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को भावुक पत्र लिखकर 90 साल के लीज पर दी गई जमीन का शुल्क माफ करने की गुजारिश की है।

साथ ही स्वतंत्रता सेनानी के परिजनों को जमीन खाली करने का नोटिस जारी करने वाले वन विभाग के अफसरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भेजे गए पत्र में वन मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत ने कहा है कि यूपी वन विभाग के अफसरों की ओर से स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय वीरचंद्र सिंह गढ़वाली के परिजनों से लीज पर दी गई जमीन का शुल्क जमा कराने और ऐसा नहीं करने पर जमीन खाली करने का नोटिस जारी किया गया है। विभागीय अफसरों के इस नोटिस के चलते पूरे राज्य की जनता के साथ वे खुद को आहत महसूस कर रहे हैं। 

विज्ञापन

परिजनों की स्थिति बेहद खराब

वन मंत्री डॉ. रावत का कहना है कि पेशावर विद्रोह के महानायक वीरचंद्र सिंह गढ़वाली ने 23 अप्रैल 1930 को अमानवीय अत्याचार के विरुद्ध विद्रोह कर दिया था। उनकी वीरता को देखते हुए महात्मा गांधी ने उन्हें गढ़वाली की उपाधि दी थी। उनकी वीरता को देखते हुए सरकार ने भी 21 जनवरी 1975 को बिजनौर जिले की साहनपुर रेंज के हल्दूखाता वन क्षेत्र में वन रक्षक चौकी के पास 10 हेक्टेयर जमीन 90 साल के लीज पर दी थी।

आज उनके परिवार की आर्थिक स्थिति इतनी खराब है कि वे लीज शुल्क देने की स्थिति में नहीं हैं। ऐसे में डीएफओ नजीबाबाद की ओर से उन्हें 30 अगस्त को शुल्क जमा कराने का नोटिस जारी कर दिया। शुल्क जमा नहीं करने की स्थिति में जमीन खाली करने की चेतावनी दी गई है। 

डॉ. रावत ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अनुरोध किया है कि वे उत्तराखंड के ही रहने वाले हैं और स्वतंत्रता सेनानी वीरचंद्र सिंह गढ़वाली के परिवार के बारे में बखूबी जानते हैं। परिवार की समस्याओं को देखते हुए लीज शुल्क माफ किया जाए। साथ ही वन विभाग के उन अफसराें के खिलाफ कार्रवाई की जाए जिन्होंने स्वतंत्रता सेनानी के परिजनों को जमीन खाली करने का नोटिस जारी करने के साथ ही देश के इस महानायक का अपमान किया है। 
विज्ञापन

इसलिए जाना चाहते हैं पाकिस्तान

आजादी की जंग में पेशावर कांड के महानायक वीर चंद्र सिंह गढ़वाली के परिजनों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उन्हें भारत से पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान भेजने की गुजारिश की है।

उन्होंने ऐसा वन विभाग से जमीन खाली करने का नोटिस मिलने से नाराज होकर किया है। गढ़वाली के परिजनों का कहना है कि आजादी के लिए अपना सब कुछ न्योछावर करने वाले गढ़वाली के योगदान को देखते हुए यूपी सरकार ने कोटद्वार के हल्दुखाता में उन्हें लीज पर कुछ जमीन दी थी।

आरोप है कि उत्तराखंड बनने के बाद से इस जमीन को लेकर वन विभाग की ओर से उन्हें लगातार परेशान किया जा रहा है। बताया कि वन विभाग ने अतिक्रमणकारी घोषित कर उन्हें उक्त जमीन खाली करने का लिखित फरमान दे दिया है।

इससे आक्रोशित गढ़वाली के परिजनों का कहना है कि जब हमारे देश में ही हमें इतना लज्जित किया जा रहा है, तो इससे अच्छा यह होगा कि हमें पाकिस्तान भेज दिया जाए। उन्होंने यह गुजारिश कर प्रधानमंत्री को पूरे मामले से अवगत कराया है।

 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें