भीमताल पुलिस ने जमीन धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया है
- फोटो : amar ujala file photo
पूर्व दर्जा राज्य मंत्री और भाजपा नेता हेमंत द्विवेदी के खिलाफ भीमताल पुलिस ने जमीन धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया है। आरोप है कि भाजपा नेता जमीन कब्जा कर उस पर होटल का निर्माण करा रहे हैं। पैमाइश की बात करने पर उन्होंने जान से मारने की धमकी दी है। पुलिस इन आरोपों की जांच कर रही है।
गोविंदपुरा भोटियापड़ाव निवासी जितेंद्र सिंह पुत्र संपूर्ण सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में कहा कि वह भीमताल होटल प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक अशोक कुमार रावत के मुख्तारे आम हैं। अशोक कुमार के नाम पर पांच नाली जमीन जून स्टेट भीमताल में है।
उन्होंने गुलजीत सिंह पुत्र संपूर्ण सिंह को एक नाली जमीन पावर ऑफ अटार्नी के माध्यम से बेची थी। इसी जमीन पर गुलजीत का मकान है। एक अन्य नाली जमीन तजिंदर कौर पत्नी गुलजीत सिंह को बेची गई। इस जमीन पर तजिंदर का मकान बना है। जितेंद्र की पत्नी सिमरनजीत कौर ने तजिंदर के मकान की रजिस्ट्री करा ली। दो नाली जमीन पावर ऑफ अटार्नी से जितेंद्र ने पत्नी को बेची थी। एक और नाली जमीन का भी रजिस्टर्ड एग्रीमेंट सिमरनजीत कौर के नाम किया गया है, लेकिन जब जमीन नापी गई तो यह कम पाई गई।