भारतीय जनता पार्टी हॉट सीटों पर हर चुनावी बाजी खेलने को तैयार है। इन सीटों पर पार्टी के बड़े स्टार प्रचारकों को उतारने पर भी पार्टी का फोकस है। ये वे सीटें हैं जिन्हें पार्टी का शीर्ष नेतृत्व प्रतिष्ठा से भी जोड़कर देख रहा है।
वर्ष 2012 के विधानसभा चुनाव में जिन सीटों पर भाजपा हार गई थी, जहां कांग्रेस से आए बागियों को टिकट दिए गए हैं और जहां सीटिंग विधायकों के टिकट काटे गए हैं, भाजपा रणनीतिक तौर पर उन्हें भी हॉट सीट मानकर चल रही है। भाजपा सूत्रों के मुताबिक, पार्टी इन सीटों पर हर हालत में प्रतिद्वंद्वियों पर बढ़त हासिल करना चाहती है।
दरअसल, पार्टी का राष्ट्रीय नेतृत्व भी कांग्रेस में तोड़फोड़ कर बागियों को टिकट देने और सर्वे के आधार पर टिकट बांटने के दावे को सही साबित करने की कोशिश करेगा। बाकायदा इन सीटों पर बड़े नेताओं ने चुनावी तिकड़म बैठाने के लिए अभी से कैंप करना शुरू कर दिया है।
इन हॉट सीटों पर भाजपा की रणनीति स्टार प्रचारकों की भी जनसभाएं कराने की है। रायपुर, राजपुर रोड, डोईवाला, धर्मपुर, यमकेश्वर, कोटद्वार, बाजपुर, हल्द्वानी, नैनीताल समेत ऐसी कई अन्य सीटों पर भाजपा के बड़े नेताओं की सक्रियता नजर आने भी लगी है। सूत्रों के अनुसार, स्टार प्रचारकों की जनसभाओं और दौरों की जो संभावित सूची प्रदेश नेतृत्व ने हाईकमान के सामने रखी है, उसमें भी यह साफ झलक रहा है।